क्या फरवरी में ही हो जाएगा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन? नई तारीख को लेकर अब ये जानकारी आई

Noida International Airport: गौतमबुद्ध नगर के जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन फरवरी में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किया जा सकता है. यह ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश का पांचवां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होगा और दिल्ली-नोएडा, ग्रेटर नोएडा के यात्रियों के लिए आसान कनेक्टिविटी के साथ रोजगार और रियल एस्टेट को बढ़ावा देगा.

यूपी तक

• 04:03 PM • 02 Feb 2026

follow google news

Noida International Airport: गौतमबुद्ध नगर के जेवर में बन रहे एशिया के सबसे बड़े एविएशन हब, 'नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट' (Noida International Airport) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. लंबे समय से उद्घाटन की तारीखों को लेकर चल रहे कयासों के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद इसकी संभावित समय-सीमा साझा की है. सीएम योगी ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में संकेत दिया कि इस महीने यानी फरवरी में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस भव्य प्रोजेक्ट का उद्घाटन कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें...

लाइसेंस प्रक्रिया अंतिम चरण में 

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पूरी तरह तैयार है. वर्तमान में 'एरोड्रम लाइसेंस' प्राप्त करने की प्रक्रिया अपने अंतिम चरणों में है. उन्होंने आगे कहा कि मुझे विश्वास है कि इसी महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एयरपोर्ट का उद्घाटन कर दिया जाएगा. यह खबर उन लाखों लोगों के लिए राहत भरी है जो पिछले कई महीनों से इस एयरपोर्ट के शुरू होने का इंतज़ार कर रहे थे.

UP का पांचवां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट

जैसे ही जेवर एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन शुरू होगा, उत्तर प्रदेश देश का ऐसा राज्य बन जाएगा जहां 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होंगे. वर्तमान में लखनऊ, वाराणसी, कुशीनगर और अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट कार्यरत हैं.

डेडलाइन से चूका, पर अब तैयारी पूरी

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट एक 'ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट' है, जिसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत विकसित किया जा रहा है. 1300 हेक्टेयर में फैले इस प्रोजेक्ट के पहले चरण का काम सितंबर 2024 तक पूरा होना था, लेकिन तकनीकी और निर्माण संबंधी कारणों से यह कई बार अपनी समय-सीमा से चूक चुका है. अब 2025 में इसके संचालन की सुगबुगाहट तेज है. 

यहां दिल्ली-नोएडा से पहुंचना होगा आसान

जेवर एयरपोर्ट की सबसे बड़ी खासियत इसकी शानदार कनेक्टिविटी है. यात्रियों को यहां पहुंचने में किसी कठिनाई का सामना न करना पड़े, इसके लिए एक्सप्रेसवे भी आपके लिए मददगार है. 

दिल्ली से दूरी: लगभग 75-80 किलोमीटर.
नोएडा से दूरी: लगभग 35-40 किलोमीटर.
ग्रेटर नोएडा से दूरी: लगभग 20-30 किलोमीटर.

यात्री यमुना एक्सप्रेसवे (Yamuna Expressway) और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (Eastern Peripheral Expressway) के जरिए बिना किसी ट्रैफिक जाम के एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं. इसके अलावा, आने वाले समय में इसे मेट्रो और रैपिड रेल कनेक्टिविटी से भी जोड़ने की योजना है. 

क्यों खास है यह एयरपोर्ट?

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट न केवल दिल्ली के आईजीआई (IGI) एयरपोर्ट का बोझ कम करेगा, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के यात्रियों के लिए एक प्रमुख केंद्र बनेगा. इससे क्षेत्र में रोजगार के लाखों नए अवसर पैदा होने और रियल एस्टेट सेक्टर को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें: लखनऊ से सीधे केरल का धांसू टूर पैकेज लेकर आया IRCTC, 6 रात और 7 दिन के ये पैकेज जानिए

    follow whatsapp