ग्रेटर नोएडा में डॉक्टरों ने सी-सेक्शन डिलीवरी के बाद महिला के पेट में छोड़ा आधा मीटर लंबा कपड़ा

अरुण त्यागी

• 03:35 PM • 26 Apr 2025

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के बेकसन हॉस्पिटल में महिला के ऑपरेशन के दौरान कपड़ा पेट में छूट गया, डेढ़ साल बाद सर्जरी में हुआ खुलासा. जांच कमेटी गठित.

Representative Image

Representative Image

Google CTA

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में स्थित बेकसन हॉस्पिटल में चिकित्सकीय लापरवाही का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक महिला के सी-सेक्शन डिलीवरी ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की लापरवाही के चलते लगभग आधा मीटर लंबा शॉकिंग कपड़ा उसके पेट में ही छोड़ दिया गया. यह कपड़ा करीब डेढ़ साल तक महिला के शरीर के अंदर रहा, जिससे वह लगातार असहनीय पेट दर्द से जूझती रही. 

यह भी पढ़ें...

मामला 14 नवंबर 2023 का है, जब महिला को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. परिजनों ने बताया कि शुरुआत में उन्हें नॉर्मल डिलीवरी की बात कही गई, लेकिन बाद में सी-सेक्शन किया गया. ऑपरेशन के बाद महिला को सामान्य बताकर घर भेज दिया गया, लेकिन कुछ ही दिनों बाद उसे तेज पेट दर्द शुरू हो गया. 

परिजन बार-बार अस्पताल गए, लेकिन हर बार डॉक्टरों ने केवल पेनकिलर देकर वापस भेज दिया. डेढ़ साल तक दर्द झेलने के बाद जब दर्द असहनीय हो गया, तो महिला को ग्रेटर नोएडा के ही दूसरे निजी अस्पताल ले जाया गया. वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने तत्काल सर्जरी की सलाह दी. ऑपरेशन में डॉक्टरों ने महिला के पेट से लगभग आधा मीटर लंबा कपड़ा निकाला, जो पहले ऑपरेशन के दौरान ही अंदर छूट गया था. 

डॉक्टरों ने बताया कि यह कपड़ा अंदर ही सड़ने लगा था और समय पर सर्जरी नहीं होती तो महिला की जान को खतरा हो सकता था. इस घटना से नाराज परिजनों ने बेकसन हॉस्पिटल और संबंधित डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. गौतमबुद्ध नगर के CMO ने कहा कि यह गंभीर मामला है और शिकायत के आधार पर जांच कमेटी गठित की गई है. रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.