Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में पार्किंग विवाद के दौरान एक दारोगा से बदसलूकी और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है. घटना यूपीरिया मॉल के पास की है, जहां रविवार रात गाड़ी निकालने को लेकर दारोगा और रोहित चौधरी के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रोहित चौधरी ने दारोगा की वर्दी पकड़ ली और उनसे माफी मांगने को कहा. इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
ADVERTISEMENT
पार्किंग से गाड़ी निकालने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, दारोगा किसी अन्य जनपद में तैनात हैं और अपनी बीमार पत्नी को अस्पताल में देखने के लिए ग्रेटर नोएडा आए थे. रविवार रात यूपीरिया मॉल के पास पार्किंग से गाड़ी निकालने को लेकर उनकी रोहित चौधरी से कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान रोहित चौधरी ने दारोगा की वर्दी पकड़कर कहा, 'यहीं सबके सामने माफी मांगेगा तू.' इसके बाद दारोगा को धक्का मारने का भी आरोप है. किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
पहले दोनों पक्षों ने कार्रवाई से किया था इनकार
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को चौकी लेकर गई. बताया जा रहा है कि उस समय दोनों पक्षों ने किसी तरह की कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया था. इसके बाद आपसी समझौते के बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए. उस समय मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई.
पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
मंगलवार सुबह घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा. वीडियो में आरोपी दारोगा के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की करता दिखाई दे रहा है. पुलिसकर्मी के साथ इस तरह की घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कार्रवाई की मांग उठने लगी. इसके बाद बिसरख थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और रोहित चौधरी को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
ADVERTISEMENT











