नोएडा की सबसे ऊंची इमारत सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से शनिवार दोपहर एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कूदकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान गुरुग्राम के मानेसर निवासी 28 वर्षीय संभव जैन के रूप में हुई है. पुलिस की जांच में सामने आया है कि संभव लंबे समय से डिप्रेशन में था. पारिवारिक विवाद, बच्चे के इलाज पर हुए भारी खर्च और कर्ज समेत कई कारणों से वह परेशान था. पुलिस के मुताबिक, आत्महत्या से पहले उसने अपने मोबाइल फोन में एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था.
ADVERTISEMENT
संभव जैन क्यों था परेशान?
नोएडा के थाना सेक्टर-126 के प्रभारी सुमनेश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. शुरुआती जांच और परिजनों से पूछताछ में पता चला है कि संभव की शादी साल 2024 में हुई थी. साल 2025 में उसके घर बेटे का जन्म हुआ, लेकिन बच्चा प्रीमैच्योर था. सातवें महीने में ही पैदा हो गया था. समय से पहले जन्म लेने के कारण बच्चे को लंबे समय तक इलाज की जरूरत पड़ी. परिजनों के अनुसार, बच्चे के इलाज पर करीब 40 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं और उसका उपचार पर अभी भी लाखों रुपए का खर्चा आ रहा है.
पत्नी से तलाक के बाद 15 लाख में हुआ था सेटेलमेंट
पुलिस के मुताबिक, बच्चे के जन्म के कुछ महीने बाद संभव और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो गया था. इसके बाद पत्नी ने अदालत में तलाक का मुकदमा दायर किया. दोनों पक्षों के बीच सेटलमेंट हुआ था, जिसके तहत करीब 15 लाख रुपये देने की बात तय हुई थी. पत्नी के द्वारा एक करोड़ रूपये की मांग की गई थी लेकिन 15 लाख में सेटलमेंट हुआ. परिजनों के अनुसार, इसमें से लगभग सात लाख रुपये की पहली किस्त संभव और उसके परिवार की ओर से पत्नी को दी जा चुकी थी, जबकि दूसरी किस्त लगभग 7.50 लाख का भुगतान बाकी था.
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि संभव पर कुछ अन्य कर्ज भी था. फिलहाल उसका मासूम बेटा परिवार के साथ रह रहा है और परिजन ही उसकी देखभाल कर रहे हैं.
'वापस आ जाओ हम लोग सब देख लेंगे'
थाना प्रभारी सुमनेश कुमार के अनुसार, जांच में यह बात भी सामने आई है कि संभव ने आत्महत्या से पहले अपने पिता से चैट के दौरान पिछले तीन-चार दिनों में डिप्रेशन और आत्महत्या से जुड़ी बातें कही थीं. इसके अलावा उसने घटना से पहले अपने मोबाइल फोन में एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था. पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पिता ने उसे घर भी बुलाया था कि वापस आ जाओ हम लोग सब देख लेंगे.
अधिक वजन से संभव को थीं स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां
जानकारी के मुताबिक, संभव का वजन करीब 140 किलोग्राम था. अधिक वजन के कारण उसे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां भी थीं, जिन्हें लेकर वह चिंतित रहता था.
संभव जैन के मामले में सोशल मीडिया पर तीन करोड़ रुपये की एलिमनी दिए जाने का दावा भी प्रसारित हो रहा है. हालांकि, थाना प्रभारी सुमनेश कुमार के मुताबिक, यह दावा सही नहीं है. पुलिस के अनुसार, परिजनों से मिली जानकारी में तलाक के समझौते के तहत करीब 15 लाख रुपये की रकम सामने आई है.
पुलिस इस एंगल पर कर रही जांच
पुलिस इस मामले में डिप्रेशन, पारिवारिक विवाद, आर्थिक दबाव और कर्ज समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है. हालांकि, किसी एक वजह को उनकी मौत का कारण मानकर जांच खत्म नहीं की गई है.
सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से हुई इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि बाहर से सामान्य नजर आने वाली जिंदगी के पीछे कोई व्यक्ति कितने दबाव से गुजर रहा हो सकता है. पुलिस अब संभव की मौत से पहले की गतिविधियों, परिवारिक परिस्थितियों और आर्थिक लेनदेन की भी पड़ताल कर रही है.
ADVERTISEMENT











