'इस सवाल का जवाब बच्चे की मां से पूछो...', फिरोजाबाद में मासूम को पटक-पटककर मार डालने के बाद हत्यारे जितेंद्र ने दिया अटपटा जवाब!

सुधीर शर्मा

01 Jun 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Firozabad Child Murder Case: फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में डेढ़ साल के मासूम बच्चे की पटक-पटककर हत्या करने वाले आरोपी को पकड़ने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है.

Shikohabad Child Murder Case

Shikohabad Child Murder Case

Google CTA

Firozabad Child Murder News: फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में डेढ़ साल के मासूम बच्चे की पटक-पटककर हत्या करने वाले आरोपी को पकड़ने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मुख्य आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस सनसनीखेज मामले में सबसे चौंकाने वाली बात तब सामने आई जब आरोपी से हत्या की वजह पूछी गई तो उसने कहा, 'इस सवाल का जवाब बच्चे की मां से पूछो.'

यह भी पढ़ें...

पुलिस मुठभेड़ में दबोचा गया आरोपी

पुलिस के अनुसार, शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में वांछित चल रहे आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र को एक अभियान के दौरान घेराबंदी कर पकड़ा गया. इस दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में उसके दोनों पैरों में गोली लगी. पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, पांच जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं. गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

सीसीटीवी में कैद हुई थी दिल दहला देने वाली वारदात

कुछ दिन पहले सामने आए सीसीटीवी वीडियो में आरोपी एक डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे को सड़क पर पटक-पटक कर मारता दिखाई दिया था. वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया था. इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया था और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई थी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार दबिश देकर आरोपी तक पहुंच बनाई.

आरोपी का चौंकाने वाला बयान

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने कैमरे के सामने हत्या करना स्वीकार किया. जब उससे पूछा गया कि उसने मासूम की जान क्यों ली, तो उसने कहा कि इसका जवाब बच्चे की मां से पूछा जाए. आरोपी ने दावा किया कि उसका बच्चे की मां के साथ प्रेम संबंध था और वह उसे ब्लैकमेल कर रही थी. हालांकि पुलिस फिलहाल आरोपी के इन दावों की सत्यता की जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं को खंगाल रही है.

जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हर पहलू की गहन जांच की जा रही है. आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस ने मामले का खुलासा तो कर दिया है, लेकिन मासूम की दर्दनाक मौत से इलाके में अभी भी शोक और गुस्से का माहौल बना हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.