Fatehpur News: फतेहपुर जनपद के किशनपुर कस्बा स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज सोमवार को छात्रों के उग्र विरोध का केंद्र बन गया. विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं और मूलभूत सुविधाओं के अभाव का आरोप लगाते हुए सैकड़ों छात्रों ने कक्षाओं का बहिष्कार कर परिसर में धरना शुरू कर दिया. छात्रों के प्रदर्शन से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पूरे क्षेत्र में इस घटना की चर्चा होने लगी.
ADVERTISEMENT
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि लंबे समय से विद्यालय की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है. उनका आरोप है कि आवश्यक शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं के अभाव में पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. छात्रों ने साफ कहा कि अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि समस्याओं का समयबद्ध समाधान चाहिए.
धरने के दौरान छात्रों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को बुलंद किया और चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और व्यापक किया जाएगा. प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, लेकिन छात्रों का आक्रोश साफ दिखाई दिया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) राकेश कुमार ने छात्रों से वार्ता की. छात्रों के अनुसार, उनकी मांगों पर लिखित आश्वासन दिया गया कि समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. इसके बाद छात्रों ने फिलहाल अपना प्रदर्शन स्थगित कर दिया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह प्रदर्शन केवल एक विद्यालय का मामला नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की बढ़ती मांग का संकेत है. नई पीढ़ी अब चुप रहने के बजाय अपने अधिकारों और बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था के लिए खुलकर आवाज उठा रही है. जिलाधिकारी निधि गुप्ता ने अपने बयान पर कहा कि आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए.
ADVERTISEMENT











