Fatehpur Weather 13th July 2026: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में मौसम की बेरुखी ने एक बार फिर किसानों की चिंता बढ़ा दी है. लगातार बारिश नहीं होने से खेत सूखने लगे हैं, जबकि भीषण उमस ने आम जनजीवन को भी प्रभावित कर दिया है, दिनभर गर्मी और चिपचिपी उमस के कारण लोग बेहाल हैं.
ADVERTISEMENT
बारिश का इंतजार कर रहे किसानों का कहना है कि समय पर वर्षा नहीं हुई तो खरीफ की फसल पर गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा. ग्रामीणों की जुबान पर एक ही बात है—"बिन बारिश सब सूना." स्थानीय किसानों ने चिंता जताते हुए कहा, "अगर मौसम मा बारिश ना होई, त खेत परती पड़ जइहैं अउर अनाज का संकट खड़ा होई जाई."
बारिश नहीं होने से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है और खेतों में नमी की कमी साफ दिखाई दे रही है, इससे किसानों की मेहनत और लागत दोनों पर खतरा मंडराने लगा है.
हालांकि मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के भीतर जिले में बारिश होने की संभावना है, विभाग ने रिमझिम से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है, जिससे किसानों और आम लोगों को गर्मी व उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
फिलहाल पूरे जिले की निगाहें आसमान पर टिकी हैं और हर कोई जल्द बारिश होने की दुआ कर रहा है.
ADVERTISEMENT











