Fatehpur News: जनपद के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के दवतपुर मजरे गौंती गांव में एक महिला की भूमि पर कथित रूप से दोबारा कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़िता का आरोप है कि उपजिलाधिकारी (SDM) के आदेश पर राजस्व टीम और पुलिस ने पहले भूमि की पैमाइश कराकर उसे कब्जा दिलाया था, लेकिन उसके बाद दबंगों ने फिर से खेत में धान की रोपाई कर जमीन पर कब्जा कर लिया.
ADVERTISEMENT
पीड़िता प्रियंका देवी, पत्नी अजय पाल मौर्य, निवासी दवतपुर मजरे गौंती ने बताया कि उनके पति विदेश में मजदूरी करते हैं और वह अपने बच्चों के साथ गांव में रहती हैं. उनका आरोप है कि दवतपुर मोड़ के पास स्थित उनकी कृषि भूमि पर दूसरे गांव के रहने वाले मोहम्मद समील, मोहम्मद इम्तियाज और मोहम्मद मुस्ताक ने अवैध कब्जा कर लिया था.
प्रियंका देवी के अनुसार, शिकायत के बाद SDM खागा के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची, भूमि की पैमाइश कराकर उन्हें कब्जा दिलाया गया. आरोप है कि उसी रात विपक्षी पक्ष ने खेत में धान की रोपाई कर दोबारा जमीन पर कब्जा कर लिया.
पीड़िता का कहना है कि जब उन्होंने सुबह इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और वहां से भगा दिया. उन्होंने लेखपाल विजय सिंह को घटना की जानकारी देने के साथ ही सुल्तानपुर घोष थाने में शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई.
पुलिस से राहत न मिलने पर पीड़िता ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है. इस संबंध में SDM खागा अभिनीत कुमार ने कहा कि भूमि को पहले खाली कराकर कब्जा दिलाया गया था. यदि दोबारा कब्जा किए जाने की शिकायत सही पाई जाती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











