कानपुर में पुलिस और वकील के बीच हो गई जमकर पटका-पटकी, दनादन चले लात-घूंसे

रंजय सिंह

• 04:20 PM • 11 Jul 2026

Kanpur Lawyer vs Police Video: कानपुर में बीच सड़क पुलिसकर्मी और वकील के बीच हुई मारपीट का वीडियो वायरल हो गया. लात-घूंसे और धक्का-मुक्की के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो सिपाहियों को निलंबित किया. पूरे मामले की जांच एडीसीपी को सौंप दी गई है.

Kanpur Lawyer vs Police Video

Kanpur Lawyer vs Police Video

Google CTA

Kanpur Lawyer vs Police Video: कानून के रखवाले और कानून की लड़ाई लड़ने वाले जब अपनी-अपनी वर्दी और रसूख की मर्यादा भूल जाएं तो तस्वीरें कितनी खौफनाक और हैरान करने वाली हो सकती हैं इसका ताजा उदाहरण कानपुर में देखने को मिला है. कानपुर के एक व्यस्त चौराहे पर खाकी वर्दी वाले पुलिसकर्मी और काले कोट वाले वकील साहब के बीच जमकर दे-दनादन मारपीट हुई. दोनों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए, बाल पकड़कर जमीन पर गिराया और हैरान करने वाली बात यह रही कि तमाशबीन बनी जनता बीच सड़क पर इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का मजा लेती रही, हूंटिंग करती रही और मोबाइल से वीडियो बनाती रही. अब इस रोड-फाइट का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है जिसे देखकर आप भी दांतों तले उंगली दबा लेंगे. इस शर्मनाक वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस महकमे ने बड़ी कार्रवाई की है.

यह भी पढ़ें...

मोबाइल छीनने से शुरू हुआ पहला राउंड

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक व्यस्त सड़क अचानक अखाड़ा बन गई. विवाद के दौरान काले कोट वाले वकील साहब सबसे पहले पुलिसकर्मी का मोबाइल छीन लेते हैं. इसके बाद पुलिस वाले से माफी मांगने को कहा जाता है जिस पर पुलिस वाला चीखकर पूछता है 'मेरी गलती क्या है?' बस इसी बात पर बदतमीजी का आरोप लगाते हुए वकील साहब पुलिस वाले पर टूट पड़ते हैं. दोनों के बीच गुत्थमगुत्था शुरू हो जाती है. आसपास के लोग बीच-बचाव कर दोनों को अलग करते हैं, लेकिन यह तो सिर्फ पहले राउंड का अंत था.

फिर शुरू हुआ फाइट का दूसरा और तीसरा राउंड

अलग होने के बाद दोनों के बीच दूसरे राउंड की फाइट शुरू होती है, जो किसी प्रोफेशनल रेसलिंग मैच जैसी लगती है. वकील साहब अचानक हवा में पैर चलाकर पुलिसकर्मी पर ताबड़तोड़ लातों से वार करना शुरू कर देते हैं. पुलिसकर्मी भी कम नहीं पड़ता; उसने लपककर वकील साहब की लात पकड़ ली और उन्हें जमीन पर धड़ाम से गिरा दिया. वकील के जमीन पर गिरते ही इस राउंड का विनर बनने के लिए पुलिसकर्मी सीधे उनके सीने पर चढ़ गया.

इसके बाद हेलमेट लगाए एक शख्स रेफरी की तरह बीच में आकर इस राउंड को रोकता है. तब तक पुलिसकर्मी पस्त हो चुका था. लेकिन वकील साहब मानो कोई एनर्जी ड्रिंक पीकर आए थे. गुस्से में लाल वकील साहब ने दोबारा पुलिस वाले को खींच लिया और इस बार मुक्कों की बरसात कर दी.

वीडियो वायरल होते ही एक्शन में पुलिस, दो सिपाही सस्पेंड

जैसे ही इस सड़क युद्ध का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ कानपुर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. अधिकारियों ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया. जांच में सामने आया कि वीडियो में दिख रहे दोनों पुलिसकर्मियों में से एक सिपाही श्याम सिंह है जो काफी समय से गैर-हाजिर रहने के कारण पहले से ही निलंबित चल रहे हैं. वहीं दूसरे सिपाही धीरज मिश्रा थाजो इस पूरी फाइट का मुख्य हिस्सा थे. दोनों के अनुशासनहीनता और अशोभनीय व्यवहार के चलते सिपाही धीरज मिश्रा को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

ADCP को सौंपी गई जांच

इस पूरे शर्मनाक घटनाक्रम को लेकर पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि 'सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है. इस घटना की सूचना इन पुलिसकर्मियों द्वारा किसी अधिकारी को नहीं दी गई थी. पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच एडीसीपी लाइन महोदय को सौंप दी गई है. वीडियो में दिख रहे वकील की पहचान की जा रही है. दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और जांच रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.'

फिलहाल पुलिस और प्रशासन के लिए यह गुत्थी बनी हुई है कि आखिर इतने बड़े बवाल और मारपीट की असली वजह क्या थी? दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद ही यह साफ हो पाएगा. लेकिन इस वीडियो ने सिस्टम पर एक बड़ा सवालिया निशान जरूर खड़ा कर दिया है. सवाल यह है कि समाज में जिन कंधों पर कानून का सम्मान और सुरक्षा बनाए रखने की जिम्मेदारी है, अगर वही बीच चौराहे पर आम गुंडों की तरह कानून की धज्जियां उड़ाएंगे, तो आम जनता के बीच क्या संदेश जाएगा?