शादी के बाद पहली बार मायके आई थी रिकी, ऐसा क्या हुआ कि ताऊ ने तलवार से उसकी आंतें ही निकाल दीं?

संजीव शर्मा

• 07:17 PM • 04 Jun 2025

बिजनौर में जमीनी विवाद के चलते सगे ताऊ ने अपनी भतीजी पर तलवार से हमला कर उसकी हत्या का प्रयास किया, जिससे युवती की जान पर बन आई.

Bijnor News

Bijnor News

Google CTA

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां जमीनी विवाद के चलते सगे ताऊ ने अपनी भतीजी पर तलवार से हमला कर उसकी हत्या का प्रयास किया, जिससे युवती की जान पर बन आई. हाल ही में शादी के बंधन में बंधी यह युवती पहली बार अपने मायके लौटी थी. लेकिन जमीनी रंजिश ने उसके जीवन को संकट में डाल दिया. इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है.
  
यह घटना बिजनौर के धामपुर क्षेत्र के उमरपुर आशा गांव की है. गांव के रहने वाले दो सगे भाई अनिरुद्ध और प्रद्युमन पिछले काफी समय से जमीनी विवाद को लेकर आपस में उलझे हुए थे. बीते 3 जून को इस मामले की कोर्ट में सुनवाई थी, जहां दोनों पक्ष पहुंचे थे. कोर्ट से लौटने के बाद शाम को गांव में दोनों भाइयों के बीच फिर से विवाद छिड़ गया. इसी दौरान प्रद्युमन ने गुस्से में आकर अपनी भतीजी रिकी पर तलवार से हमला कर दिया.
 
बता दें कि रिकी की शादी 20 मई को हुई थी और वह शादी के बाद पहली बार अपने मायके लौटी थी. लेकिन इस खुशी का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया, जब प्रद्युमन ने उस पर तलवार से वार किया. तलवार सीधे रिकी के पेट में घुस गई, जिससे उसकी आंतें बाहर निकल आईं. बेटी को बचाने की कोशिश में उसके पिता अनिरुद्ध बीच में आए. लेकिन प्रद्युमन ने उन पर भी हमला कर दिया जिससे वह भी घायल हो गए.

यह भी पढ़ें...

पुलिस की कार्रवाई और हालात

घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल रिकी को धामपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर होने के कारण उसे तुरंत हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया. वहीं अनिरुद्ध का इलाज अभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ही चल रहा है. 
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रद्युमन को हिरासत में ले लिया. अनिरुद्ध की तहरीर पर प्रद्युमन के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है. इस घटना के बाद गांव में दोनों परिवारों के बीच तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी और अनहोनी को रोका जा सके.