बिजनौर के धामपुर में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब आरएसएस के जिला कार्यवाह के घर पर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने हमला बोल दिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैल गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है और भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.
ADVERTISEMENT
जानकारी मिली है कि धामपुर के पुराना धामपुर मोहल्ले में आरएसएस के जिला कार्यवाह विपिन चौहान के घर को निशाना बनाया गया है. आरोप है कि उनके घर के सामने रहने वाले सोहेब ने अपने साथियों के साथ मिलकर सीढ़ी के सहारे घर की छत पर धावा बोला. इस दौरान हमलावरों ने न केवल घर में तोड़फोड़ की, बल्कि अलमारी में रखे 4 से 5 लाख रुपये और कीमती जेवर भी लूट लिए.
कमरे में बंद होकर बचानी पड़ी जान!
संघ नेता विपिन चौहान का आरोप है कि हमलावर तमंचों से फायरिंग कर रहे थे, जिसके कारण उन्हें खुद को कमरे में बंद कर अपनी जान बचानी पड़ी. पड़ोसियों का कहना है कि हमलावरों ने पहले पड़ोसी अमित शर्मा के घर में तोड़फोड़ की और फिर संघ नेता के घर को निशाना बनाया. विपिन चौहान ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मोहल्ले में केवल दो हिंदू परिवार हैं और उन पर दबाव बनाने के लिए यह हमला किया गया ताकि वे मोहल्ला छोड़कर चले जाएं.
गुस्साई भीड़ ने भी किया पलटवार
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गई. आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने आरोपी सोहेब के घर में घुसकर तोड़फोड़ का प्रयास किया, जिसे मौके पर मौजूद पुलिस ने बमुश्किल नियंत्रित किया. तनाव बढ़ता देख दूसरे समुदाय के लोग अपने घरों में ताला लगाकर फरार हो गए हैं.
पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने घटनास्थल का मुआयना किया है. वहीं, स्थानीय विधायक अशोक राणा ने मौके पर पहुंचकर स्पष्ट किया कि आरोपियों के खिलाफ 'योगी-मोदी स्टाइल' में कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस ने मुख्य आरोपी सोहेब और उसके पिता सत्तार को हिरासत में ले लिया है.
दूसरे पक्ष का दावा- आरोपी की दिमागी हालत ठीक नहीं
वहीं, दूसरे समुदाय के लोगों का कहना है कि हमला करने वाला युवक सोहेब मानसिक रूप से कमजोर है और वह पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है. पुलिस अब लूट, तोड़फोड़ और फायरिंग के आरोपों के साथ-साथ इस एंगल की भी बारीकी से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT









