उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां सुखपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती अपने प्रेमी से शादी करने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई. युवती का यह कदम देख पूरे गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.
ADVERTISEMENT
शादी से इनकार पड़ा भारी
जानकारी के मुताबिक, युवती और उसके प्रेमी के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. विवाद तब शुरू हुआ जब युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया. प्रेमी की बेरुखी से नाराज होकर युवती ने खतरनाक रास्ता चुना और सीधे मोबाइल टावर के शिखर पर जा पहुंची. उसने साफ कह दिया कि जब तक उसकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वह नीचे नहीं उतरेगी.
माइक से पुलिस लगाती रही गुहार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची. पुलिसकर्मियों ने माइक के जरिए युवती को नीचे उतारने के लिए लगातार घंटों तक मिन्नतें कीं. पुलिस उसे आश्वासन देती रही कि उसकी शादी करवा दी जाएगी, लेकिन युवती अपनी जिद पर अड़ी रही. उसने शर्त रखी कि जब तक उसका प्रेमी खुद वहां नहीं आता, वह नीचे नहीं आएगी.
प्रेमी के पहुंचते ही खत्म हुआ ड्रामा
काफी मशक्कत के बाद जब पुलिस प्रेमी को लेकर मौके पर पहुँची, तब जाकर युवती का गुस्सा शांत हुआ. प्रेमी को सामने देख युवती टावर से नीचे उतरने को राजी हुई. युवती के सुरक्षित नीचे उतरते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने राहत की सांस ली.
थाने पहुंचा मामला
पुलिस ने युवती और उसके प्रेमी समेत दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुला लिया है. फिलहाल थाने में दोनों पक्षों के बीच सुलह और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर बातचीत जारी है. टावर पर चढ़ने का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में है.
ADVERTISEMENT









