Ballia News: सहतवार थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती महादनपुर में तिलक समारोह के दौरान मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई. विवाद के बाद दो दोस्तों ने अपने ही साथी को गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए मऊ भेजा गया, जहां उसकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है.पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, महाराजपुर निवासी अरुण यादव पुत्र नंदलाल यादव पुरानी बस्ती महादनपुर में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने आया था.समारोह के दौरान उसकी अपने दोस्तों रितेश पासवान और अमित कुमार राम, निवासी पुरानी बस्ती महादनपुर, से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर आरोप है कि दोनों ने अरुण पर फायरिंग कर दी, जिससे गोली उसके सीने में लग गई.
घटना की सूचना मिलते ही सहतवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रितेश पासवान को हिरासत में ले लिया. वहीं दूसरे आरोपी अमित कुमार राम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि घायल के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है. मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और घायल का उपचार पुलिस की निगरानी में जारी है.
ADVERTISEMENT










