Ballia News: जिले में सरयू नदी का बढ़ता जलस्तर अब बाढ़ और कटान का गंभीर खतरा बनता जा रहा है. बांसडीह तहसील क्षेत्र के महाराजपुर-चांदपुर, भोजपुरवा, सुल्तानपुर समेत कई गांवों पर नदी का खतरा मंडरा रहा है. कटान की आशंका से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. हालात से नाराज ग्रामीण पूर्व छात्र नेता नागेंद्र बहादुर 'झुन्नू' सिंह के नेतृत्व में कई दिनों से बांसडीह तहसील परिसर में धरना देकर प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT
धरने का नेतृत्व कर रहे झुन्नू सिंह ने बताया कि 20 जुलाई को ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को ज्ञापन देकर बाढ़ और कटान रोकने की मांग की थी. उस समय तत्कालीन प्रभारी अधिकारी ने तीन दिन के भीतर आवश्यक इंतजाम करने और महाराजपुर-चांदपुर गांव को कटान से बचाने के लिए तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया था.
ग्रामीणों का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद जमीनी स्तर पर काम बेहद धीमी गति से चल रहा है. उनका कहना है कि जिला प्रशासन के निर्देशों के बावजूद महाराजपुर गांव की सुरक्षा के लिए जियोट्यूब लगाने का कार्य समय पर नहीं किया जा रहा, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है.
धरना दे रहे ग्रामीणों ने बाढ़ विभाग पर भी गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना है कि जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद अधिशासी अभियंता ने आवश्यक कदम नहीं उठाए. वहीं, सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता विकास कुमार सिंह पर भी मौके पर पहुंचकर असंवेदनशील व्यवहार करने और समस्या को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाया गया.
ग्रामीणों ने मांग की कि महाराजपुर-चांदपुर, भोजपुरवा, सुल्तानपुर सहित सभी बाढ़ प्रभावित गांवों में युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया जाए. साथ ही भोजपुरवा गांव को कटान से बचाने के लिए तत्काल अस्थायी ठोकर का निर्माण कराया जाए.
इसके अलावा ग्रामीणों ने प्रभावित गांवों में सोलर लाइट, बाढ़ राहत शिविर, भोजन और पेयजल की व्यवस्था, पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता, 24 घंटे सक्रिय मेडिकल टीम और पशु चिकित्सकों की तैनाती की भी मांग की.
धरनारत ग्रामीणों ने बाढ़ विभाग के अधिशासी अभियंता संजय मिश्रा और मुख्य अभियंता विकास कुमार सिंह के खिलाफ नियमों की अनदेखी और भ्रष्टाचार के आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है. इस संबंध में मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव राहत एवं आपदा विभाग तथा जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर समय रहते प्रभावी कार्रवाई करने और बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की अपील की गई है.
ADVERTISEMENT











