Suvendu Adhikari PA Murder Case: सुवेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड में बड़ा एक्शन ,बलिया से गोलू सिंह गिरफ्तार, रोती मां बोली- मेरा बेटा बेकसूर है

Suvendu Adhikari PA Murder Case: पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में सीबीआई ने बलिया के गोलू सिंह को गिरफ्तार किया है. उस पर हथियार सप्लाई का आरोप है. मां ने बेटे को निर्दोष बताते हुए न्याय की गुहार लगाई है. सीबीआई आरोपी को 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता ले गई है, जहाँ पूछताछ जारी है.

 Ballia News

Ballia News

Newzo

• 10:51 AM • 05 Jun 2026

follow google news

Suvendu Adhikari PA Murder Case: पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित सुवेन्दु अधिकारी के पिए चंद्रनाथ हत्याकांड मामले में सीबीआई ने उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. सीबीआई के इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गोलू सिंह के रूप में हुई है. जिसे सीबीआई अपने साथ कोलकता ले गई है. इस बड़ी कार्रवाई के बाद मीडिया के सामने आई आरोपी गोलू की मां विद्यावती देवी ने रोते-बिलखते हुए अपने बेटे को पूरी तरह बेकसूर बताया है. कैमरे पर बातचीत के दौरान मां ने अपने बेटे की बेगुनाही की गुहार लगाई है.

यह भी पढ़ें...

आंचल फैलाकर मांगती हूँ भीख, मेरा बेटा बेकसूर है

सीबीआई की कार्रवाई से बदहवास मां विद्यावती देवी ने कैमरे के सामने आंचल फैलाकर रोते हुए कहा, मेरा लड़का पूरी तरह से निर्दोष है. उसने ऐसा कोई कांड नहीं किया है. मैं सबके आगे आंचल फैला कर भीख मांगती हूं, कि मेरा लड़का बेकसूर है. उसका आज तक गांव में किसी से कोई झगड़ा नहीं हुआ. यहां तक की उसके खिलाफ कभी कोई साधारण शिकायत भी दर्ज नहीं हुई है.

घर पर मोनू को ढूंढने आती थी पुलिस

जब मां से पूछा गया कि क्या पुलिस पहले भी उनके घर आई थी? तो उन्होंने बताया कि पुलिस पहले उनके यहां आती जरूर थी लेकिन वह गोलू के लिए नहीं बल्कि किसी मोनू नाम के व्यक्ति को खोजने के लिए आई थी. उन्होंने साफ किया कि मोनू नाम के व्यक्ति से उनके परिवार का दूर-दूर तक कोई लेना-देना या ताल्लुक नहीं है.

पारिवारिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए मां ने बताया कि गोलू की उम्र करीब 23-24 साल है. वह चार भाई बहनों (दो लड़के और दो लड़कियों) में सबसे छोटा है. गोलू मुख्य रूप से खेती-बाड़ी का काम संभालता था और साथ ही अपनी पढ़ाई लिखाई भी कर रहा था. उसने हाल ही में होमगार्ड भर्ती परीक्षा का पेपर भी दिया था. मां ने रोते हुए बताया कि उनकी तबीयत बहुत खराब रहती थी और उन्हें लगा कि वह शायद नहीं बचेंगी इसलिए लगभग 1 साल पहले ही उन्होंने गोलू की शादी करवाई थी. उन्होंने बताया सीबीआई ने गोलू को गिरफ्तार किया है और जांच एजेंसी ने खुद उन्हें इसकी जानकारी दी.

सुरक्षित वापसी की लगाई गुहार

आरोपी की मां ने भगवान और सरकार से भावुक अपील करते हुए कहा कि उनका बेटा पूरी तरह निर्दोष है और उन्हें उनका बच्चा सुरक्षित और सही सलामत वापस चाहिए. फिलहाल सीबीआई आरोपी को कोलकाता ले जाकर इस हाई प्रोफाइल हत्याकांड के जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ कर रही है.

गोलू पर हत्या में इस्तेमाल असलहे की सप्लाई और ट्रांसपोटिंग का आरोप

मिली जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड मामले में जिस आरोपी गोलू सिंह पुत्र रामजी सिंह को गिरफ्तार किया है वो बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के श्रीपुर/बसुदेवपुर गांव का निवासी है. गोलू सिंह पर हत्या में इस्तेमाल किये गए असलहे की ट्रांसपोर्टिंग और उपलब्ध कराने में भूमिका निभाने का आरोप है. जांच एजेंसी इस मामले में पहले से गिरफ्तार अन्य आरोपियों से मिले इनपुट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है. माना जा रहा है कि आरोपी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आ सकती है.

जिला अस्पताल में मेडिकल के बाद कोलकता रवाना

जानकारी के मुताबिक सीबीआई अधिकारियों ने आरोपी गोलू सिंह को हिरासत में लेने के बाद जिला अस्पताल में उसका मेडिकल परीक्षण कराया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जांच एजेंसी की टीम उसे अपने साथ कोलकाता लेकर रवाना हो गई. मामले में गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है.

कोर्ट से मिला 48 घन्टे का ट्रांजिट रिमांड

जिला एवं सत्र न्यायालय के सरकारी वकील संजीव सिंह ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि सीबीआई ने आरोपी को गिरफ्तार कर बलिया न्यायालय में पेश किया. जहां से एजेंसी को 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त हुआ. इसके बाद सीबीआई टीम आरोपी को आगे की पूछताछ और जांच के लिए कोलकाता ले गई है. मामले की जांच अभी जारी है और एजेंसी अन्य संदिग्धों की भूमिका भी खंगाल रही है.