आज अयोध्या जाएंगे सीएम योगी, आंगनबाड़ी वर्कर्स को करेंगे सम्मानित; जानें पूरा शेड्यूल

आशीष श्रीवास्तव

• 08:28 AM • 08 Sep 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार 8 सितंबर को अयोध्या दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित आंगनबाड़ी वर्कर्स के प्रदेशव्यापी सम्मेलन में शामिल होंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के साथ उन्हें सम्मानित भी करेंगे.

CM Yogi Adityanath

CM Yogi Adityanath (File Photo)

Google CTA

CM Yogi Ayodhya Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार 8 सितंबर को अयोध्या दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित आंगनबाड़ी वर्कर्स के प्रदेशव्यापी सम्मेलन में शामिल होंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के साथ उन्हें सम्मानित भी करेंगे. मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे का पूरा कार्यक्रम तय है. वह करीब दो घंटे 15 मिनट अयोध्या में रहेंगे. इसके साथ ही प्रदेश में बाढ़ की स्थिति के बीच राहत और बचाव अभियान भी लगातार जारी है. अब तक 19,496 प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है.

यह भी पढ़ें...

आंगनबाड़ी वर्कर्स का सम्मेलन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 2:50 बजे राजकीय इंटर कॉलेज के हेलीपैड पर पहुंचेंगे. इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 4 बजे तक राजकीय इंटर कॉलेज में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के प्रदेशव्यापी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री वर्कर्स को संबोधित करेंगे और उन्हें सम्मानित भी करेंगे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शाम 4:10 बजे वह हेलीकॉप्टर से अयोध्या धाम के लिए रवाना होंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि परिसर में दर्शन-पूजन करेंगे.

हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन करेंगे सीएम

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर शाम 4:15 बजे राम कथा पार्क हेलीपैड पहुंचेगा. इसके करीब 10 मिनट बाद यानी 4:25 बजे वह हनुमानगढ़ी पहुंचेंगे, जहां दर्शन और पूजन करेंगे. इसके बाद शाम 4:45 बजे मुख्यमंत्री राम जन्मभूमि परिसर जाएंगे और रामलला का दर्शन-पूजन करेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 5:05 बजे वह हेलीकॉप्टर से अयोध्या से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे. इस तरह मुख्यमंत्री का अयोध्या में कुल प्रवास करीब दो घंटे 15 मिनट का रहेगा.

बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत अभियान तेज

दूसरी ओर उत्तर प्रदेश में बाढ़ की चुनौती के बीच योगी सरकार ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं. उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक, अब तक 6.83 लाख से अधिक लंच पैकेट और 1.11 लाख से ज्यादा बाढ़ राहत किट जरूरतमंदों तक पहुंचाई जा चुकी हैं. बाढ़ प्रभावित 19,496 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. प्रशासन के मुताबिक बाढ़ के कारण अब तक जनहानि शून्य है. प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की निगरानी और लोगों तक जरूरी मदद पहुंचाने के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं.

1,072 मेडिकल टीमें तैनात

राहत एवं बचाव अभियान के तहत प्रदेश में अब तक 1,634 बाढ़ चौकियां स्थापित की जा चुकी हैं. प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 1,072 मेडिकल टीमें गठित की गई हैं. इसके अलावा राहत और बचाव अभियान में 2,161 नाव एवं मोटरबोट लगाई गई हैं. सरकार के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का अभियान भी जारी है. सोमवार को ही करीब 6,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. अब तक कुल 19,496 लोग सुरक्षित स्थानों पर ले जाए जा चुके हैं.

1,315 शरणालयों में प्रभावितों के लिए व्यवस्था

बाढ़ प्रभावित लोगों के रहने और भोजन की व्यवस्था के लिए 1,315 शरणालय स्थापित किए गए हैं. प्रशासन की ओर से अब तक 1.11 लाख से अधिक बाढ़ राहत किट और 6.83 लाख से ज्यादा लंच पैकेट वितरित किए जा चुके हैं. स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए 6.68 लाख क्लोरीन टैबलेट और 2.60 लाख से अधिक ओआरएस पैकेट भी बांटे गए हैं. बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों के मामलों में भी प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता दी जा रही है. अब तक 1,490 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है, जिनमें से 1,272 मामलों में सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है.

इन जिलों में बाढ़ का असर

प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ का असर बताया गया है. प्रभावित जिलों में अयोध्या, आजमगढ़, बहराइच, बदायूं, बलिया, बाराबंकी, बस्ती, चंदौली, फर्रुखाबाद, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हरदोई, कासगंज, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, रायबरेली, संत कबीर नगर, रामपुर, सीतापुर, शाहजहांपुर, उन्नाव और वाराणसी शामिल हैं. एक तरफ मुख्यमंत्री का अयोध्या दौरा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सम्मेलन और धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन के लिए है, वहीं दूसरी तरफ सरकार का फोकस बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षित स्थानों तक लोगों को पहुंचाने पर बना हुआ है.