Amethi Weather Update 4 August 2026: मंगलवार को अमेठी जिले में हुई तेज बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया. कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई। सुबह से शुरू हुई बारिश के चलते जिले के कई इलाकों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई, जिससे खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची और खरीफ फसलों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है. बारिश के बाद अधिकतम तापमान गिरकर करीब 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे वातावरण सुहावना हो गया.
ADVERTISEMENT
मौसम वैज्ञानिक अमरनाथ मिश्र ने बताया कि वर्तमान समय में हुई यह बारिश धान, मक्का, अरहर, उड़द और तिल जैसी खरीफ फसलों के लिए बेहद लाभकारी है. पर्याप्त नमी मिलने से फसलों की बढ़वार अच्छी होगी और किसानों को सिंचाई पर अतिरिक्त खर्च भी नहीं करना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि मौसम में आए बदलाव से मिट्टी की नमी बनी रहेगी, जिससे पौधों का विकास बेहतर होगा.
हालांकि मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि जिन क्षेत्रों में अधिक पानी भरने की संभावना है, वहां जल निकासी की उचित व्यवस्था करें ताकि फसलों को नुकसान न पहुंचे. लगातार जलभराव से पौधों की जड़ें प्रभावित हो सकती हैं. उन्होंने यह भी बताया कि अगले कुछ दिनों तक जिले में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है.
बारिश के बाद शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की. किसानों का कहना है कि समय पर हुई यह बारिश खेती के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. यदि आने वाले दिनों में भी मौसम इसी तरह अनुकूल बना रहा तो इस वर्ष खरीफ फसलों का उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है, जिससे किसानों की आय बढ़ने की संभावना भी मजबूत होगी.
ADVERTISEMENT











