शादी के बाद ससुराल नहीं पति के साथ आंगनबाड़ी का इंटरव्यू देने पहुंच गई नई नवेली दुल्हन अनीशा, हर कोई रह गया हैरान

अरविंद शर्मा

• 01:39 PM • 23 Feb 2026

Agra bride interview: उत्तर प्रदेश के आगरा में एक दूल्हे ने विदाई के वक्त समाज को नई सीख दी है. अपनी दुल्हन अनीशा को ससुराल ले जाने के बजाय मनोज सीधे विकास भवन लेकर पहुंचे ताकि वह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का इंटरव्यू दे सके. शादी के लाल जोड़े और गहनों में सजी दुल्हन ने पूरी प्रक्रिया पूरी की.

Google CTA

Agra bride interview: उत्तर प्रदेश के आगरा से विदाई का एक ऐसा अनोखा और दिल छू लेने वाला मामला सामने आया है जिसने समाज में एक नई मिसाल पेश की है. अक्सर शादियों में विदाई के वक्त सिसकियां और भारी मन देखने को मिलता है. लेकिन यहां एक दूल्हा अपनी नई नवेली दुल्हन को ससुराल ले जाने के बजाय सीधे विकास भवन ले गया. मकसद था दुल्हन के सपनों को उड़ान देना.लाल जोड़े में सजी दुल्हन जब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के इंटरव्यू के लिए पहुंची तो वहां मौजूद हर कोई इस जोड़े की सोच का कायल हो गया.

यह भी देखें...

साइबर कैफे से शुरू हुई प्रेम कहानी और फिर शादी

यह दिलचस्प मामला आगरा के लादूखेड़ा ब्लॉक का है. यहां के रहने वाले मनोज कुशवाहा जो एक साइबर कैफे चलाते हैं उनकी मुलाकात करीब तीन महीने पहले पास के ही गांव की रहने वाली अनीशा से हुई थी.अनीशा किसी काम से कैफे पर आई थीं जहां से बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ. दोनों ने एक-दूसरे को पसंद किया और परिवारों की सहमति से 21 फरवरी को धूमधाम से इनका विवाह संपन्न हुआ.

शादी की रस्मों के बीच करियर की चुनौती

अनीशा ने शादी से पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए आवेदन किया था. शादी से ठीक एक दिन पहले उसे सूचना मिली कि रविवार को विकास भवन में उसका इंटरव्यू निर्धारित है. एक तरफ विदाई की रस्में थीं और दूसरी तरफ करियर का बड़ा मौका. अनीशा ने एक पल के लिए इंटरव्यू छोड़ने का मन बना लिया था. लेकिन पति मनोज उसके ढाल बनकर खड़े हो गए. मनोज ने स्पष्ट कहा कि 'इंटरव्यू नहीं छूटेगा, हम रास्ता निकालेंगे.'

मनोज ने अपने और अनीशा के परिवार को भरोसे में लिया और शादी की रस्में जल्दी पूरी करवाई गईं. विदाई की रस्म होते ही डोली ससुराल जाने के बजाय सीधे जिला मुख्यालय विकास भवन पहुंची.अनीशा ने भारी लहंगे और गहनों के साथ यानी पूरी तरह दुल्हन के लिबास में ही अधिकारियों के सामने अपना इंटरव्यू दिया. इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही अनीशा अपने पति के साथ ससुराल के लिए रवाना हुई. इस मौके पर मनोज ने गर्व से कहा कि वह चाहते हैं कि उनकी पत्नी अपने पैरों पर खड़ी हो और अपने सपनों को पूरा करे. 

ये भी पढ़ें: बुलंदशहर में एयरफोर्स जवान प्रथम और उनके शिक्षक पिता को जमीन पर गिरा बुरी तरह लातों से मारा! फिर ये पता चला