उत्तर प्रदेश के आगरा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां बच्चों का एक खेल पल भर में मातम में बदल गया. पिनाहट इलाके के बसई अरेला गांव में 12वीं का छात्र ट्यूशन पढ़ने गया था. लेकिन वहां रखी एक पुरानी गजाई (भर्तु) बंदूक से बच्चे खेलने लगे. इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और सीधे चली गोली छात्र के प्राइवेट पार्ट में जा लगी. गंभीर रूप से घायल छात्र को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान देर रात उसने दम तोड़ दिया. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
ADVERTISEMENT
कमरे में रखी बंदूक बनी काल
बसई अरेला गांव के रहने वाले किसान विनोद प्रजापति का 17 साल का बेटा मोहित इंटरमीडिएट का छात्र था. वह पड़ोस में रहने वाले आकाश के पास ट्यूशन पढ़ने जाता था. आकाश के निर्माणाधीन मकान में बच्चों को पढ़ाया जाता था. फसलों को नीलगाय और जंगली जानवरों से बचाने के लिए गांव वालों ने कुछ शिकारियों को बुलाया था जो इसी निर्माणाधीन मकान के एक कमरे में ठहरे हुए थे. वहीं पर उनकी पुरानी गजाई/भर्तु बंदूक रखी हुई थी.
खेलने लगे बच्चे और चल गई गोली
शनिवार शाम करीब 4:30 बजे मोहित ट्यूशन के लिए घर से निकला था. ट्यूशन सेंटर पर करीब आधा दर्जन बच्चे पहुंच चुके थे. इसी दौरान बच्चों की नज़र कमरे में रखी बंदूक पर पड़ी. उत्सुकता में बच्चे बंदूक को हाथ में लेकर खेलने लगे. इसी खेल-खेल में अचानक एक बच्चे से बंदूक का ट्रिगर दब गया और तेज धमाके के साथ फायर हो गया.
प्राइवेट पार्ट में लगी गोली
गोली सीधे मोहित के प्राइवेट पार्ट में जा घुसी और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग और परिजन मौके पर दौड़े. पहले उसे फतेहाबाद के निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगरा रेफर कर दिया. इसके बाद उसे सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई.
पुरानी रंजिश का आरोप बनाम पुलिस की थ्योरी
मृतक मोहित के पिता विनोद ने बताया कि करीब 15 दिन पहले स्कूल में मोहित का एक छात्र से विवाद हुआ था जिसने उसे देख लेने की धमकी दी थी. एसीपी पिनाहट अनिल कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला बच्चों के खिलौना समझकर बंदूक से खेलने और अचानक फायर होने का ही सामने आया है. जानवरों को भगाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली बंदूक कमरे में रखी थी जिसे बच्चों ने उठा लिया था.
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की हर एंगल से छानबीन की जा रही है. घटना के बाद से गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है.
ADVERTISEMENT











