Kannauj Lok Sabha seat Voting : उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए तीन चरण की वोटिंग हो चुकी है. वहीं आज यानी 13 मई को उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर मतदान जारी है. वहीं चौथे चरण में जिन 13 सीटों पर मतदान हो रहा है उनमें, शाहजहांपुर, खीरी, धौरहरा, सीतापुर, हरदोई, मिश्रिख, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कानपुर, कन्नौज, अकबरपुर और बहराइच शामिल है. चौथे चरण में समाजवादी पार्टी का गढ़ कही जाने वाली कन्नौज लोकसभा सीट पर भी मतदान जारी है. वहीं कन्नौज में मतदान के बीच समाजवादी पार्टी ने बड़ा आरोप लगाया है.
ADVERTISEMENT
सपा ने लगाया बड़ा आरोप
कन्नौज में मतदान के बीच (UP Lok Sabha ELection) समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक X हैंडल से पोस्ट कर बड़ा आरोप लगाया है. सपा ने आरोप लगाया कि, 'कन्नौज लोकसभा के कन्नौज में बूथ संख्या 354 पर मुस्लिम महिलाओं को आधार कार्ड से वोट डालने नहीं दिया जा रहा है. मतदाताओं को किया जा रहा परेशान. संज्ञान ले चुनाव आयोग, निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित हो'
अखिलेश यादव मैदान में
बता दें कि कन्नौज लोकसभा सीट से खुद समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव चुनावी मैदान में हैं. वहीं बीजेपी से सुब्रत पाठक और बसपा से इमरान बिन जफर चुनाव लड़ रहे हैं. बता दें कि अखिलेश यादव, कन्नौज सीट से 2004 और 2009 में भी इसी सीट से सांसद रहे. उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद लोकसभा से इस्तीफा देने के चलते 2012 में कन्नौज सीट पर हुए उपचुनाव में अखिलेश की पत्नी डिंपल निर्विरोध चुनी गयी थीं. वर्ष 2014 के आम चुनाव में भी डिंपल ने इसी सीट से जीत दर्ज की थी. हालांकि साल 2019 के चुनाव में वह भाजपा के सुब्रत पाठक से पराजित हो गयी थीं.
ADVERTISEMENT











