UP Special TET Result 2026: उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबरी है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP Special TET) 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है. आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, प्राथमिक और उच्च प्राथमिक दोनों स्तरों को मिलाकर कुल 23,743 अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा में सफलता हासिल की है. सफल अभ्यर्थी अब आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और डिजिलॉकर के माध्यम से अपनी मार्कशीट और पात्रता प्रमाण-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं.
ADVERTISEMENT
प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर का पासिंग आंकड़ा
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को प्रदेश के 6 प्रमुख जिले- प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर इस परीक्षा का आयोजन किया गया था. परीक्षा में शामिल और सफल होने वाले अभ्यर्थियों का विवरण इस प्रकार है:
प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5): इस स्तर की परीक्षा में कुल 50,666 अभ्यर्थी शामिल हुए थे जिनमें से 15,159 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है.
उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8): इस परीक्षा में कुल 43,015 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था जिनमें से 8,584 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है.
कुल सफल अभ्यर्थी: दोनों स्तरों को मिलाकर कुल 23,743 अभ्यर्थी पास हुए हैं.
कहां और कैसे डाउनलोड करें UP Special TET Certificate?
आयोग ने जानकारी दी है कि सभी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के पात्रता प्रमाण-पत्र जारी कर दिए गए हैं. अभ्यर्थी नीचे दिए गए दो माध्यमों से अपना सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकते हैं.
आधिकारिक वेबसाइट से: सफल अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाकर संबंधित लिंक पर क्लिक करें और अपना रोल नंबर तथा जन्मतिथि दर्ज करके अपनी मार्कशीट व प्रमाण-पत्र डाउनलोड करें.
डिजिलॉकर से: अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए डिजिलॉकर प्लेटफॉर्म पर भी प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए गए हैं जहां से वे सीधे अपना सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकते हैं.
यूपी स्पेशल टीईटी क्या है?
यूपी स्पेशल टीईटी (UP Special TET) खास तौर पर उन शिक्षकों के लिए आयोजित की जाने वाली एक पात्रता परीक्षा है, जो पहले से सरकारी या मान्यता प्राप्त स्कूलों में पढ़ा रहे हैं. दरअसल 'शिक्षा का अधिकार कानून 2009' के तहत स्कूलों में पढ़ाने के लिए टीईटी (TET) पास करना जरूरी है. सुप्रीम कोर्ट ने भी यह साफ कर दिया है कि यह नियम सिर्फ नए बनने वाले शिक्षकों पर ही नहीं बल्कि तय श्रेणी में आने वाले पहले से नौकरी कर रहे शिक्षकों पर भी लागू होता है.
चूंकि कई पुराने शिक्षकों की भर्ती के समय यह नियम लागू नहीं था लेकिन बाद में कानूनी तौर पर उनके लिए भी टीईटी पास करना अनिवार्य हो गया, इसलिए उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें यह जरूरी योग्यता पूरी करने का मौका देने के लिए 'यूपी स्पेशल टीईटी' कराने का फैसला किया है.
ADVERTISEMENT











