श्रावस्ती से कानपुर तक UP SI भर्ती के अभ्यर्थियों का हल्लाबोल, 2000 एक्सट्रा पदों के लिए बनाया दबाव

UP SI Recruitment: यूपी पुलिस दरोगा भर्ती 2025-26 में पदों की संख्या बढ़ाने और स्कोरकार्ड जारी करने की मांग. अभ्यर्थियों ने विधायकों को सौंपा ज्ञापन, भर्ती बोर्ड से पारदर्शिता की अपील.

यूपी तक

• 04:29 PM • 02 Apr 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा दरोगा भर्ती के लिए जारी किए गए पदों ने युवाओं की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है. जहां पिछली भर्ती में 9534 पद थे, वहीं इस बार (2025-26) केवल 4543 पदों पर ही भर्ती निकाली गई है. पदों की इस भारी कटौती से नाराज अभ्यर्थी अब सड़कों पर हैं और सरकार से रिक्तियों की संख्या बढ़ाने की गुहार लगा रहे हैं.

यह भी पढ़ें...

2000 अतिरिक्त पदों की मांग और विधायकों का समर्थन

अभ्यर्थियों का तर्क है कि प्रदेश में दरोगाओं के हजारों पद रिक्त हैं, फिर भी भर्ती कम पदों पर क्यों निकाली गई? इसी मांग को लेकर श्रावस्ती, बरेली और कानपुर समेत कई जिलों के युवाओं ने स्थानीय विधायकों को ज्ञापन सौंपा है. विधायकों ने भी आश्वासन दिया है कि वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक इस विषय को पहुंचाएंगे. अभ्यर्थियों की स्पष्ट मांग है कि भर्ती में कम से कम 2,000 पद और जोड़े जाएं ताकि बढ़ते कॉम्पिटिशन के दौर में योग्य युवाओं को मौका मिल सके.

स्कोरकार्ड और पारदर्शिता पर अड़े अभ्यर्थी

भर्ती बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अभ्यर्थियों और निजी कोचिंग शिक्षकों का कहना है कि परीक्षा के बाद व्यक्तिगत स्कोरकार्ड जारी न करना संदेह पैदा करता है. इस बार मांग की जा रही है कि डीवी-पीएसटी (DV-PST) के साथ ही हर अभ्यर्थी का स्कोरकार्ड सार्वजनिक किया जाए. उनका मानना है कि बिना स्कोरकार्ड के यह पता लगाना मुश्किल है कि चयन किस आधार पर हुआ है. निष्पक्षता के लिए स्कोरकार्ड जारी करना अब एक अनिवार्य शर्त बनती जा रही है.

रिजल्ट की तैयारी और कट-ऑफ का इंतजार

भले ही भर्ती बोर्ड की ओर से पदों को बढ़ाने पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. अभ्यर्थी बेसब्री से कट-ऑफ का इंतजार कर रहे हैं. युवाओं का कहना है कि रिजल्ट घोषित होने से पहले सरकार को पदों की संख्या और पारदर्शिता के मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए.