कानपुर में अपनी ही जुड़वा बच्चियों को मारने वाले पिता को लेकर पत्नी रेशमा ने कर दिया ये चौंकाने वाला खुलासा

कानपुर में एक पिता ने अपनी 11 साल की जुड़वा बेटियों की हत्या कर दी. आरोपी को गिरफ्तार कर जांच जारी है। माँ ने घटना की पूरी कहानी बताई।

यूपी तक

• 08:16 PM • 19 Apr 2026

follow google news

Kanpur Crime News: कानपुर के नौबस्ता स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में एक बेहद रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी ही 11 साल की जुड़वां बेटियों की निर्मम हत्या कर दी. रविवार तड़के हुई इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है. पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस घटना के बाद मृतक बच्चियों की मां का रो-रोकर बुरा हाल है.

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा मामला?

रविवार सुबह करीब 4:30 बजे डायल 112 पर पुलिस को सूचना मिली कि एक पिता ने अपनी दो बेटियों की हत्या कर दी है. मौके पर पहुंची पुलिस को अपार्टमेंट के कमरे में दोनों बच्चियों के शव मिले, जिनके गले पर धारदार हथियार के निशान थे. पुलिस ने आरोपी पिता को तुरंत हिरासत में ले लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

पत्नी ने खोले पति की सनक के राज

मृतक बच्चियों की मां, रेशमा क्षेत्री ने बताया कि उसका पति अक्सर उन पर शक करता था. घर में सीसीटीवी कैमरे लगे थे और पति ने अपने कमरे में किसी का भी आना-जाना वर्जित कर रखा था. रेशमा ने यह भी खुलासा किया कि पति पहले भी कई बार जान देने और बेटियों को भी अपने साथ ले जाने (मारने) की बात कह चुका था.

घटना वाली रात का आंखों देखा हाल

रेशमा ने बताया कि शनिवार की रात सब कुछ सामान्य था। परिवार ने साथ में खाना खाया, जिसके बाद पति बेटियों को लेकर अपने कमरे में सोने चला गया. वह काफी देर तक फोन पर बात करता रहा, जिसे रेशमा सीसीटीवी फुटेज में देख रही थी. रात करीब 2:30 बजे पति एक बेटी को बाथरूम ले गया. लेकिन उसके बाद क्या हुआ, इसकी भनक उसे नहीं लग सकी.

पुलिस की जांच जारी

मामले पर जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही सभी वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुँच गए थे. फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. आरोपी पिता को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा. फिलहाल, हत्या के पीछे की असली वजह और पति की मानसिक स्थिति को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है.