बिजनौर के नगीना क्षेत्र से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कांवड़ियों की भीड़ और एक पेट्रोल पंप मालिक के बेटे के बीच मारपीट और हंगामा होता दिखाई दे रहा है. घटना बिजनौर के बढ़ापुर रोड चौराहे पर स्थित एक पेट्रोल पंप की है. बताया जा रहा है कि कुछ कांवड़िए पेट्रोल पंप पर रुके थे और वहां अपनी कांवड़ में धूपबत्ती जला रहे थे. पेट्रोल पंप पर ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से मालिक के बेटे ने धूपबत्ती जलाने से मना किया, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया.
ADVERTISEMENT
विवाद बढ़ने पर कांवड़ियों ने पेट्रोल पंप मालिक के बेटे के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया. वीडियो में एक पुलिसकर्मी पीड़ित को बचाने की कोशिश करता दिख रहा है, लेकिन भीड़ के कारण वह उसे पूरी तरह बचा नहीं पाया. थाना नगीना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह वीडियो 5 दिन पुराना है.
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर कांवड़ खंडित होने की जो बातें चल रही हैं, वे गलत हैं. किसी भी प्रकार से कांवड़ खंडित करने का प्रयास नहीं किया गया था. पुलिस ने उस समय कांवड़ियों को समझा-बुझाकर उनके गंतव्य स्थान के लिए रवाना कर दिया था और अब वीडियो के आधार पर विधिक कार्रवाई की बात कही जा रही है.
ADVERTISEMENT









