8 माह की प्रेग्नेंट पत्नी को मुकेश सैनी ने दी दर्दनाक मौत..., बिजनौर में नाश्ता न बनाने पर नाराज पति ने मीनाक्षी का दबा दिया गला! पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए चौंकाने वाले खुलासे

Bijnor Crime News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में घरेलू विवाद का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है. मंडावर थाना क्षेत्र के सीमला खुर्द गांव की नई बस्ती में आठ माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया.

Bijnor Minakshi Murder Case

Bijnor Minakshi Murder Case (Photo: AI Generated)

ऋतिक राजपूत

• 09:16 AM • 22 Jun 2026

follow google news

Bijnor Minakshi Murder Case: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में घरेलू विवाद का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है. मंडावर थाना क्षेत्र के सीमला खुर्द गांव की नई बस्ती में आठ माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. शुरुआती तौर पर मामले को सामान्य मौत माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि होने के बाद जांच का रुख बदल गया. पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं, मायके पक्ष की ओर से लगाए गए दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोपों की भी अलग से जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें...

नाश्ता बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस जांच के अनुसार, शुक्रवार सुबह पति-पत्नी के बीच नाश्ता बनाने को लेकर कहासुनी हुई थी. बताया गया कि पति मुकेश सैनी को किसी काम से सुबह घर से बाहर जाना था. उसने पत्नी से नाश्ता तैयार करने के लिए कहा, लेकिन किसी कारणवश पत्नी ने मना कर दिया. इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. पुलिस के मुताबिक, गुस्से में आए पति ने कथित रूप से पत्नी का मुंह और गला दबा दिया, जिससे उसकी सांस रुक गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. शुरुआत में घटना को सामान्य मौत बताने की कोशिश हुई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मामला हत्या में बदल गया.

आठ माह की गर्भवती थी मीनाक्षी

मृतका की पहचान 28 वर्षीय मीनाक्षी के रूप में हुई है. उसकी शादी साल 2022 में मंडावर क्षेत्र के निवासी मुकेश सैनी से हुई थी. वह शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जाटान निवासी हरिओम की बेटी थी. परिजनों के अनुसार मीनाक्षी आठ माह की गर्भवती थी और जल्द ही मां बनने वाली थी. घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग सीमला खुर्द पहुंचे और पति सहित ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाया. उनका कहना है कि शादी के बाद से ही मीनाक्षी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और उसे लगातार परेशान किया जा रहा था.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बदला केस

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. शुक्रवार देर रात आई रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना बताया गया, जिसके बाद हत्या की आशंका की पुष्टि हो गई. रिपोर्ट के आधार पर मृतका के परिजनों की तहरीर पर आरोपी पति मुकेश सैनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

अन्य आरोपियों की भूमिका की भी होगी जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन विवेचना की जा रही है. दहेज प्रताड़ना और हत्या से जुड़े सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है. यदि जांच के दौरान ससुराल पक्ष के अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस मामले को लेकर मंडावर थाने के एसएचओ संजय तोमर ने बातचीत में बताया 'पति को सुबह-सुबह घर से कहीं बाहर किसी काम से जाना था. पति ने जब पत्नी से नाश्ता बनाने के लिए कहा तो किसी कारणवश महिला ने नाश्ता बनाने से मना कर दिया. इसके बाद पति अपना आपा खो बैठा और अपनी पत्नी का गला इतनी जोर से दबाया कि उसकी पत्नी की मौत हो गई.' घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.