Mani Meraj Bail Conditions: बिहार के चर्चित यूट्यूबर मनी मेराज आखिरकार गाजियाबाद की डासना जेल से बाहर आ गए हैं. अपनी ही टीम की सदस्य और कथित गर्लफ्रेंड वन्नू दी ग्रेट द्वारा लगाए गए दुष्कर्म, मारपीट और जबरन धर्म परिवर्तन जैसे गंभीर आरोपों के बाद वे महीनों से जेल में बंद थे. हालांकि उनकी रिहाई साधारण नहीं है. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उन्हें कुछ ऐसी शर्तों पर जमानत दी है जिसने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है.
ADVERTISEMENT
क्या थे आरोप?
पिछले साल सितंबर में वन्नू दी ग्रेट ने गाजियाबाद के खोड़ा थाने में मनी मेराज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी. आरोपों में दुष्कर्म, मारपीट, जबरन धर्म परिवर्तन की कोशिश और गर्भपात के लिए दबाव बनाना शामिल था. इस मामले में हिंदू रक्षा दल के पिंकी चौधरी ने भी सक्रिय भूमिका निभाई थी. अक्टूबर 2025 में यूपी पुलिस ने पटना से मनी मेराज को गिरफ्तार किया था.
शादी की शर्त पर रिहाई
इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान मामला तब पलट गया जब पीड़िता वन्नू दी ग्रेट ने लिखित बयान दिया कि उनके और मनी मेराज के बीच समझौता हो गया है. समझौते की मुख्य शर्त यह है कि मनी मेराज अब वन्नू दी ग्रेट के साथ स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत शादी करने को तैयार हैं. कोर्ट ने मामले की मेरिट पर कोई टिप्पणी किए बिना इसी सहमति के आधार पर 17 फरवरी 2026 को जमानत मंजूर कर ली.
जेल से बाहर आते ही भव्य स्वागत
25 फरवरी 2026 को जब मनी मेराज जेल से बाहर निकले तो उनके प्रशंसकों ने उनका जोरदार स्वागत किया. जेल से बाहर आते ही उन्होंने एक वीडियो जारी कर अपने चाहने वालों का शुक्रिया अदा किया और कहा 'नमस्ते, प्रणाम, सलाम, आदाब... फाइनली जेल से रिहाई हो गई है, अब फिर मिलता हूं..'
परिवार के आरोप-प्रत्यारोप
जेल में रहने के दौरान मनी मेराज की टीम और परिवार ने वन्नू दी ग्रेट पर भी कई आरोप लगाए थे. उन्होंने कुछ स्क्रीनशॉट्स साझा करते हुए दावा किया था कि यह एक हनी ट्रैप का मामला है और वन्नू पहले भी अन्य लोगों को इसी तरह फंसा चुकी है. हालांकि अब शादी के समझौते के बाद इन आरोपों पर विराम लगता दिख रहा है.
ADVERTISEMENT









