Khesari with his Son: भोजपुरी इंडस्ट्री के ट्रेंडिंग स्टार कहे जाने वाले खेसारी लाल यादव अक्सर सुर्खियों में रहते हैं. लेकिन इन दिनों उनसे ज्यादा चर्चा उनके 11 साल के बेटे ऋषभ की हो रही है. बीते दिनों अपनी पहली कमाई से पिता को चमचमाती बुलेट बाइक गिफ्ट कर चर्चा में आए ऋषभ ने अब सोशल मीडिया की दुनिया में एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है. ऋषभ के यूट्यूब चैनल ऋषभ ब्लॉग 27 पर 1 मिलियन सब्सक्राइबर्स पूरे हो गए हैं. इस खास मौके पर खेसारी लाल यादव और उनके बेटे का एक बेहद क्यूट वीडियो सामने आया है जिसमें सुपरस्टार पिता अपने नन्हे स्टार बेटे को बधाई देने के साथ-साथ कैमरे के सामने ब्लॉगिंग करने के गुर सिखाते नजर आ रहे हैं.
ADVERTISEMENT
पिता खेसारी ने बेटे को दी नसीहत
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में खेसारी लाल यादव अपने बेटे ऋषभ से बातचीत करते और मस्ती भरे अंदाज में उनका इंटरव्यू लेते दिख रहे हैं. वीडियो की शुरुआत में एक जिम्मेदार पिता की तरह खेसारी अपने बेटे से पूछते हैं 'ऋषभ, यह बताओ तुम्हारा ध्यान पढ़ाई पर ज्यादा रहता है या सोशल मीडिया पर?' इस पर ऋषभ मासूमियत से जवाब देते हैं 'दोनों पर.' जब खेसारी दोबारा पूछते हैं कि सबसे ज्यादा किस पर रहता है तो ऋषभ कहते हैं 'पढ़ाई पर.' इस पर खेसारी खुश होकर कहते हैं 'हां, पढ़ाई पर ही ज्यादा ध्यान दीजिए बेटा, ठीक है.'
31 तारीख को होगी डबल पार्टी
वीडियो में खेसारी लाल यादव अपने फैंस को बताते हैं कि ऋषभ के 10 लाख फॉलोअर्स पूरे हो गए हैं और अब उसे जल्द ही यूट्यूब की तरफ से'गोल्डन प्ले बटन मिलने वाला है. इस खुशी में ऋषभ की जुबान लड़खड़ाने लगती है तो खेसारी हंसते हुए कहते हैं 'मेरा बेटा इतना खुश है कि बोल ही नहीं पा रहा है.'
जब खेसारी ने पूछा कि इस बड़ी कामयाबी की पार्टी कब और कहां मिल रही है तो ऋषभ ने बताया कि पार्टी 31 दिसंबर को होगी जिसमें नए साल का जश्न और 1 मिलियन की पार्टी दोनों एक साथ की जाएगी. इसी लाइव वीडियो के दौरान खेसारी लाल यादव ने अपने करोड़ों फैंस से अपील करते हुए कहा 'जैसे आप लोगों ने मुझे प्यार दिया, वैसे ही ऋषभ के ब्लॉग को भी जल्दी से 2 मिलियन सब्सक्राइबर्स तक पहुंचा दीजिए.'
कैमरे के सामने सिखाया ब्लॉगिंग का अंदाज
खेसारी लाल यादव ने बेटे को ब्लॉगिंग सिखाते हुए कहा 'कैमरे के सामने ऐसे बोलो-हेलो गाइज, आप लोग स्वस्थ रहिए, मस्त रहिए और ऋषभ के ब्लॉग को सब्सक्राइब करते रहिए और लाइक का बटन ठोक दीजिए.' वीडियो के अंत में ऋषभ अपने अंदाज में कहते हैं 'सबने मुझे सपोर्ट किया, इसके लिए सबको धन्यवाद.' साथ ही वह आने वाले नए साल की बधाई भी एडवांस में दे देते हैं.
11 साल की उम्र में सोशल मीडिया सेंसेशन हैं ऋषभ
आपको बता दें कि खेसारी लाल यादव के बेटे ऋषभ भले ही अभी महज 11 साल के हैं. लेकिन सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता किसी बड़े स्टार से कम नहीं है. ऋषभ पढ़ाई में भी काफी होशियार हैं और समय मिलते ही अपने पिता के साथ ब्लॉगिंग और रील्स बनाते हैं. उनके हर वीडियो पर फैंस दिल खोलकर प्यार बरसाते हैं और पिता-बेटे की इस खूबसूरत बॉन्डिंग को भोजपुरी दर्शक नंबर वन बता रहे हैं.
ADVERTISEMENT











