Etah Crime News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है. यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर न केवल अपने पति की जान ली बल्कि अपनी संवेदनहीनता का ऐसा परिचय दिया जिसे सुनकर पुलिस भी दंग रह गई. हत्या के बाद आरोपी लाश को कार की अगली सीट पर छोड़कर दो शादियों में शामिल हुए और वहां जमकर डांस भी किया ताकि किसी को शक न हो.
ADVERTISEMENT
खेत में मिली थी लाश, शराब ने उलझाया था मामला
घटना की शुरुआत 14 फरवरी 2026 की सुबह हुई जब थाना जयथरा इलाके के अहरई गांव के पास एक गेहूं के खेत में 45 वर्षीय हेमंत दयाल का शव बरामद हुआ. मृतक एटा की विकास कॉलोनी का निवासी था. शुरुआती तौर पर लगा कि मौत ज्यादा शराब पीने से हुई है.लेकिन जब पुलिस ने तकनीकी जांच (CDR और सीसीटीवी) शुरू की तो मामला कत्ल का निकला.
अवैध संबंध और जहरीले स्प्रे की खौफनाक साजिश
पुलिस की जांच में सामने आया कि इस पूरी साजिश की मास्टरमाइंड मृतक की पत्नी और उसका प्रेमी सुमित उर्फ सोनू चौहान थे.आरोपी सुमित और मृतक का परिवार पहले से दोस्त थे. अक्टूबर 2025 में सुमित की पत्नी की मौत के बाद उसके संबंध हेमंत की पत्नी से और गहरे हो गए. 15 दिन पहले दोनों ने मिलकर हेमंत को रास्ते से हटाने का फैसला किया. इसके लिए मेडिकल स्टोर से एक जहरीला स्प्रे खरीदा गया. 14 फरवरी को आरोपियों ने हेमंत को एक शादी में ले जाने की बात कहकर वैगन-आर कार में बिठाया. रास्ते में उसे जमकर शराब पिलाई गई और फिर जहरीले स्प्रे का ओवरडोज देकर उसकी हत्या कर दी गई.
लाश कार में और आरोपी बारात में...
हत्या के बाद आरोपियों ने जो किया वह रोंगटे खड़े कर देने वाला है. हेमंत की लाश कार की अगली सीट पर पड़ी रही और आरोपी सुमित अपने ड्राइवर के साथ एक नहीं बल्कि दो शादियों में शामिल हुआ. खुद को बचाने के लिए आरोपियों ने बारात में फोटो खिंचवाए और वीडियो बनवाया. उन्होंने वहां डांस भी किया ताकि यह साबित कर सकें कि वे घटना के वक्त वहां मौजूद ही नहीं थे.शादी से लौटते समय उन्होंने जयथरा इलाके के सुनसान खेत में शव को फेंका और फरार हो गए.
12 घंटे में एसओजी का बड़ा खुलासा
एटा पुलिस और एसओजी की टीम ने महज 12 घंटे के भीतर सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों को दबोच लिया. कार की मूवमेंट और मृतक के मोबाइल की लोकेशन एक साथ मिलने से पुलिस का शक यकीन में बदल गया. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार, जहरीले स्प्रे की डिब्बी और शराब की खाली बोतलें बरामद कर ली हैं. पत्नी और प्रेमी सुमित सहित दो आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं जबकि एक अन्य की तलाश जारी है.
ADVERTISEMENT









