जर्मनी से बारात लेकर पहुंचे दूल्हे गुस्ताफ ने शेरवानी पहन शिकोहाबाद में खुशी संग रचाई शादी, प्यार की ये कहानी हो रही वायरल

Firozabad International Wedding: फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में जर्मनी के गुस्ताफ ने खुशी से हिंदू रीति-रिवाजों के साथ शादी की. जयपुर में हुई मुलाकात दोस्ती और फिर प्यार में बदली. शेरवानी, लाल जोड़े और सात फेरों से सजी यह अंतरराष्ट्रीय शादी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.

यूपी तक

• 04:42 PM • 21 Feb 2026

follow google news

Firozabad International Wedding: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में उस वक्त हर कोई हैरान रह गया, जब जर्मनी से दूल्हा बारात लेकर यहां पहुंचा. विदेशी चेहरे पर शेरवानी और सिर पर साफा किसी बॉलीवुड फिल्म से कम नहीं था. वहीं लाल जोड़े में सजी दुल्हन और सात फेरों की गूंज ने माहौल को पूरी तरह देसी रंग में रंग दिया.  यह शादी नहीं दो देशों की संस्कृतियों का खूबसूरत संगम बन गई. अब सोशल मीडिया पर इस अनोखी जोड़ी की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं.

यह भी पढ़ें...

जर्मनी से आया दूल्हा, देसी अंदाज में हुई शादी

आपको बता दें कि दूल्हे का नाम गुस्ताफ है जो जर्मनी से बारात लेकर शिकोहाबाद पहुंचे. उन्होंने शेरवानी और साफा पहनकर बिल्कुल भारतीय दूल्हे का रूप धारण किया था. उनके हाथों में दुल्हन खुशी के नाम की मेहंदी भी सजी थी. वहीं, दुल्हन खुशी लाल जोड़े में बेहद खूबसूरत नजर आ रही थीं. यह शादी पूरी तरह हिंदू रीति-रिवाजों से संपन्न हुई. सात फेरे, वरमाला, मेहंदी, विदाई समेत सभी पारंपरिक रस्में पूरे उत्साह और परंपरा के साथ निभाई गईं. समारोह में स्थानीय लोग भी शामिल हुए और नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया. 

जयपुर में हुई थी पहली मुलाकात

बताया जाता है कि दोनों की मुलाकात जयपुर के एक होटल में हुई थी. उस समय खुशी स्विमिंग पूल में तैरना सीख रही थीं और गुस्ताफ उसी होटल में ठहरे हुए थे. दोनों की यह मुलाकात दोस्ती में बदली और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया. दोनों एक ही कंपनी से जुड़े थे, जिससे बातचीत और नजदीकियां बढ़ीं.  आखिरकार परिवार की सहमति से यह रिश्ता शादी तक पहुंच गया. 

भाषा की दीवार भी नहीं बनी बाधा

शादी में जर्मनी से आए मेहमान भी शामिल हुए थे. भाषा की समस्या को दूर करने के लिए चार ट्रांसलेटर्स बुलाए गए जो दोनों परिवारों के बीच संवाद कराने में मदद कर रहे थे. हालांकि दुल्हन खुशी को जर्मन भाषा पहले से आती है, जिससे संवाद आसान हो गया. 

भारत की संस्कृति से प्रभावित हुए गुस्ताफ

मीडिया से बातचीत में गुस्ताफ ने भारत और यहां के लोगों की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है और यहां के लोग बेहद स्वागत करने वाले और दिल से जुड़े होते हैं. उन्होंने शिकोहाबाद को प्यारा शहर बताते हुए यहां की मेहमाननवाजी को यादगार अनुभव बताया. 

गुस्ताफ और खुशी की यह देसी-विदेशी जोड़ी अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे एक खूबसूरत सांस्कृतिक मेल के रूप में देख रहे हैं.

यह अच्छा पढ़ें: आगरा में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर के साथ हुई जबरदस्ती, पति ने इन लोगों के साथ मिल फाड़े महिला के कपड़े!