Iqra Hasan House Arrest: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित डीएम परिसर की मस्जिद को लेकर बवाल जारी है. इस मामले में 4 सितंबर की देर रात सहारनपुर जाने की तैयारी कर रही कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन को पुलिस ने उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर लिया. पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान इकरा हसन और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है. इकरा हसन को हाउस अरेस्ट करने के कुछ ही घंटों बाद, 5 सितंबर की सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सहारनपुर डीएम परिसर की मस्जिद का ढांचा ढहा दिया गया.
ADVERTISEMENT
'मैंने आपकी रिक्वेस्ट रिजेक्ट कर दी'
हाउस अरेस्ट के दौरान इकरा हसन का पुलिस अधिकारियों से विवाद हो गया. वायरल वीडियो में पुलिस अधिकारी उनसे सहारनपुर न जाने का निवेदन करते हुए कहते हैं कि बहुत रात हो चुकी है और अब जाना ठीक नहीं है. इस पर इकरा हसन भड़क जाती हैं और कहती हैं, "ये मत कहिए कि अब नहीं जाएंगे आप, मुझे रोक कर दिखा दो. आपने रिक्वेस्ट की, मैंने रिजेक्ट कर दी. मैं किसी भी समय जा सकती हूं, यह मेरी इच्छा पर निर्भर है." इकरा आगे पूछती हैं कि क्या उन्होंने कोई अपराध किया है जो उन्हें रोका जा रहा है?
अधिकारियों से मिलने जा रही थीं इकरा
जानकारी के मुताबिक, सपा सांसद इकरा हसन सहारनपुर डीएम परिसर में बनी मस्जिद के मामले को लेकर अधिकारियों से मिलने और जनता की बात उनके सामने रखने के लिए सहारनपुर जाना चाहती थीं. लेकिन उनके घर से निकलने से पहले ही पुलिस फोर्स पहुंच गई और उन्हें कैराना स्थित उनके आवास में हाउस अरेस्ट कर लिया गया. 5 सितंबर की सुबह भी उनके घर के बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनात नजर आई.
'जनता की आवाज को दबाया जा रहा है'
हाउस अरेस्ट किए जाने पर इकरा हसन ने प्रशासन और सरकार पर कड़े सवाल उठाए हैं. उन्होंने पूछा कि क्या एक निर्वाचित सांसद का अपने क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों से मिलना भी अब अपराध हो गया है? लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों को जनता की आवाज उठाने के लिए ही चुना जाता है, लेकिन उन्हें रोक कर उस आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है.
सुबह ही ढहा दिया गया मस्जिद का ढांचा
जिस सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण को लेकर इकरा हसन अधिकारियों से मिलने जा रही थीं, प्रशासन ने उस पर बड़ा एक्शन ले लिया है. इकरा हसन को हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद, 5 सितंबर की सुबह डीएम परिसर में बनी उस मस्जिद के ढांचे को बुलडोजर से ढहा दिया गया. इस दौरान मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रही और सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे.
ADVERTISEMENT










