Hardoi School Harassment Case: यूपी के हरदोई से सामने आई यह घटना न सिर्फ एक परिवार, बल्कि पूरे समाज को परेशान कर देने वाली है. हरदोई के कोतवाली क्षेत्र के एक निजी स्कूल से गंभीर मामला सामने आया है. यहां चौथी कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित तौर पर शिक्षक ने अभद्र व्यवहार और ‘बैड टच’ किया है. आरोप है कि जब बच्ची की मां ने स्कूल प्रशासन से शिकायत की तो आरोपी शिक्षक ने प्रिंसिपल कार्यालय में ही मां के साथ मारपीट कर दी. पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी शिक्षक पवन कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है.
ADVERTISEMENT
परीक्षा के दौरान शुरू हुई घटना
बताया जा रहा है कि 11 फरवरी 2026 को स्कूल में परीक्षा चल रही थी. इस दौरान छात्रा पीछे की सीट पर बैठी थी, जहां से उसे ब्लैकबोर्ड साफ दिखाई नहीं दे रहा था. इसी कारण वह आगे की सीट पर जाकर बैठ गई. आरोप है कि इसी दौरान कक्षा में मौजूद शिक्षक पवन कुमार ने उसके साथ गलत तरीके से छेड़छाड़ की और अभद्र व्यवहार किया. मासूम बच्ची उस समय घबरा गई और समझ नहीं पाई कि वह किससे और कैसे शिकायत करे.
मां को बताई आपबीती
दोपहर में जब बच्ची की मां उसे लेने स्कूल पहुंची तो बच्ची ने पूरी घटना उन्हें बताई. घटना की जानकारी मिलते ही मां सीधे स्कूल के प्रिंसिपल के पास पहुंचीं और शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. परिजनों का आरोप है कि प्रिंसिपल ने शिक्षक को बुलाया लेकिन मामले को गंभीरता से लेने के बजाय स्थिति बिगड़ गई. आरोप है कि प्रिंसिपल कार्यालय के अंदर ही शिक्षक ने बच्ची की मां के साथ हाथापाई की और उन्हें थप्पड़ मारा.
पुलिस में शिकायत और एफआईआर दर्ज
घटना के बाद मां ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. इसके बाद पीड़िता की मां ने कोतवाली शहर थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया. पुलिस के अनुसार, नाबालिग छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार की शिकायत पर आरोपी शिक्षक पवन कुमार को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया और माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.
स्कूल प्रशासन पर उठे सवाल
इस घटना ने स्कूल प्रशासन की कार्यप्रणाली और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं. अगर बच्चियां स्कूल जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर भी सुरक्षित नहीं हैं तो आखिर उनकी जिम्मेदारी किसकी है? जब शिक्षक, जिन्हें गुरु और मार्गदर्शक माना जाता है, इस तरह की हरकतों में लिप्त पाए जाएं तो अभिभावक भरोसा किस पर करें.
यह भी पढ़ें: एक ही दिन में चंद्रमा बदलेंगे राशि और नक्षत्र, इन राशियों को रहना होगा सावधान!
ADVERTISEMENT









