मेरठ में एक ही घर में 6 लोगों की मौत, खौफनाक मंजर देख पुलिस के भी छूट गए पसीने

मेरठ के लिसाड़ी गेट में कपड़ा कारोबारी के घर आग लगने से 5 बच्चों समेत 6 की मौत. शॉर्ट सर्किट की आशंका, पीड़ित परिवार ने पोस्टमॉर्टम से किया इनकार.

यूपी तक

• 05:42 PM • 24 Feb 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के मेरठ के लिसाड़ी गेट इलाके में एक खौफनाक हादसा हुआ है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है. एक कपड़ा कारोबारी के घर में आग लगने से परिवार के 6 सदस्यों की झुलसने और दम घुटने से मौत हो गई. मृतकों में दो जुड़वा बेटियां और तीन अन्य बच्चों समेत कुल 5 मासूम और एक महिला शामिल हैं.

यह भी पढ़ें...

जब मस्जिद गए थे कारोबारी, पीछे से हुई तबाही

घटना सोमवार रात (23 फरवरी 2026) लगभग 9 बजे की है. मकान मालिक और कपड़ा कारोबारी इकबाल अहमद अपने भाइयों के साथ मस्जिद में नमाज पढ़ने गए थे. जब वे वापस लौटे, तो घर की निचली मंजिल से आग की लपटें उठ रही थीं और मौके पर भारी भीड़ जमा थी. इकबाल ने बताया कि उनके घर के ग्राउंड फ्लोर पर रेडीमेड कपड़ों का गोदाम था, जहां शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है.

शॉर्ट सर्किट बना मौत का कारण?

आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते पूरे घर में जहरीला काला धुआं भर गया. कपड़ों के ढेर ने आग को और तेजी से फैलाया, जिस वजह से सीढ़ियों का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया और ऊपर मौजूद लोग नीचे नहीं उतर सके. हादसे के वक्त घर पर दो महिलाएं और पांच बच्चे अकेले थे। संकरी गलियों की वजह से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को पहुंचने में दिक्कत हुई, लेकिन बाद में टीम ने पड़ोस की छतों के रास्ते लोगों को बाहर निकाला.

अस्पताल में 6 लोगों ने तोड़ा दम

घायलों को तत्काल राजधानी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया. एसएसपी मेरठ ने बताया कि आग लगने के मूल कारण की विस्तृत जांच की जा रही है. इकबाल अहमद ने बताया कि परिवार में उनकी मां सुरक्षित हैं, हालांकि सदमे की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ गई है.

पोस्टमॉर्टम और मुआवजे से इनकार

पीड़ित कपड़ा कारोबारी इकबाल ने सभी 6 शवों के पोस्टमॉर्टम के लिए साफ मना कर दिया है. साथ ही, उन्होंने प्रशासन से किसी भी तरह के मुआवजे की मांग भी नहीं रखी है. उन्होंने बताया कि प्रशासन और पुलिस ने उनकी पूरी सहायता की है. फिलहाल, एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है जिसका इलाज जारी है.