Ayodhya Greenfield Township: भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या अब न केवल आस्था का केंद्र है बल्कि यह भविष्य की एक स्मार्ट और पर्यावरण-अनुकूल नगरी के रूप में भी उभर रही है. उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद द्वारा विकसित की जा रही 720 एकड़ की 'ग्रीनफील्ड टाउनशिप' अब तेजी से धरातल पर आकार ले रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'नव्य अयोध्या' विजन के तहत इस परियोजना को वैश्विक स्तर की सुविधाओं से लैस किया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
राम मंदिर से मात्र 4.5 किमी की दूरी पर आधुनिक नगरी
यह महत्वाकांक्षी टाउनशिप राम जन्मभूमि मंदिर से केवल 4.5 किलोमीटर दूर NH-27 बायपास के पास सरयू नदी के तट पर स्थित है. परियोजना का कुल प्रस्तावित क्षेत्रफल 1407 एकड़ है, जिसमें से पहले चरण के तहत 720 एकड़ भूमि पर आवास विकास परिषद ने कब्जा प्राप्त कर लिया है और विकास कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं.
कितने प्लॉट हो चुके हैं अलॉट?
आवास विकास परिषद के अनुसार, टाउनशिप में निवेश और आवास के प्रति भारी उत्साह देखा जा रहा है. यहां 100, 150 और 200 वर्ग मीटर के लगभग 300 आवासीय भूखंडों का आवंटन पूरा हो चुका है. साल 2025 के अंत में ड्रॉ प्रक्रिया के बाद आवंटियों को कब्जा पत्र मिलने शुरू हो गए हैं. धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 21 भूखंड विभिन्न मठ-आश्रमों को आवंटित किए गए हैं. पर्यटन की बढ़ती मांग को देखते हुए 9 बड़े प्लॉट फाइव स्टार और अन्य होटलों के निर्माण के लिए आवंटित किए जा चुके हैं. गुजरात, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और गोवा ने यहां अपने राज्य भवन बनाने के लिए जमीन ले ली है.
कैसी होगी यह ग्रीनफील्ड टाउनशिप?
अधिशासी अभियंता अमन त्यागी के अनुसार, यह टाउनशिप आधुनिक इंजीनियरिंग और प्राचीन गौरव का मेल होगी.
स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर: यहां 36 मीटर चौड़ी सड़कें, अंडरग्राउंड बिजली की लाइनें और आधुनिक पंप हाउस बनाए जा रहे हैं.
ग्रीन-ब्लू कॉरिडोर: टाउनशिप में झीलों और तालाबों का विकास किया जाएगा, जिसे 'ग्रीन-ब्लू कॉरिडोर' नाम दिया गया है. यह जल संरक्षण और सौंदर्य को बढ़ावा देगा.
सोलर सिटी विजन: सीएम योगी के निर्देशानुसार पूरी टाउनशिप को सोलर सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां नवीकरणीय ऊर्जा का अधिकतम उपयोग होगा.
हाईटेक सुविधाएं: यहां वेलनेस हब, सुपर-स्पेशियलिटी मेडिकल सेंटर, हाईटेक पार्क और लग्जरी हॉस्पिटैलिटी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
राम मंदिर के उद्घाटन के बाद अयोध्या के रियल एस्टेट सेक्टर में अभूतपूर्व उछाल आया है. यह टाउनशिप रेरा (RERA) पंजीकृत है और यहां पारदर्शी तरीके से आवंटन हो रहा है. विकास कार्यों जैसे ट्रंक रोड, ट्रंक ड्रेन और सब-स्टेशन के निर्माण से इस क्षेत्र की प्रॉपर्टी वैल्यू में जबरदस्त वृद्धि की संभावना है. यह टाउनशिप न केवल अयोध्या की स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देगी, बल्कि रोजगार सृजन और पर्यटन के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश के लिए एक रोल मॉडल साबित होगी.
ADVERTISEMENT









