विजिलेंस के पीछे लगानी पड़ेगी विजिलेंस की टीम... सदन में राजा भैया ने बिजली विभाग की खोली पोल!

UP News: यूपी विधानसभा में राजा भैया ने बिजली विभाग की विजिलेंस टीम पर साधा निशाना. कहा- जनता छापेमारी से त्रस्त है, इनके काले कारनामों को पकड़ने के लिए दूसरी विजिलेंस टीम लगानी होगी.

Raja Bhaiya

यूपी तक

20 Feb 2026 (अपडेटेड: 20 Feb 2026, 04:06 PM)

follow google news

UP News: उत्तर प्रदेश विधानसभा में 20 फरवरी को कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने बिजली विभाग द्वारा की जा रही विजिलेंस छापेमारी का मुद्दा उठाया. राजा भैया ने सदन में कहा कि बिजली की आपूर्ति में तो सुधार हुआ है लेकिन विजिलेंस के नाम पर जनता का उत्पीड़न और बदनामी बढ़ गई है. सदन को संबोधित करते हुए राजा भैया ने सरकार के बिजली आपूर्ति के दावों को तो स्वीकार किया, लेकिन विजिलेंस टीम की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए. 

यह भी पढ़ें...

उन्होंने कहा, "18 घंटा, 20 घंटा, 22 घंटा बिजली आ रही है, लेकिन छापे के नाम पर इतनी बदनामी और परेशानी हो रही है कि लोग त्रस्त हैं." राजा भैया ने सदन को याद दिलाया कि वह पिछले 3 वर्षों से लगातार इस मुद्दे को सदन में उठा रहे हैं. उन्होंने अफसोस जताया कि उनकी आवाज उठाने का प्रभाव केवल थोड़े समय के लिए ही देखने को मिलता है और फिर स्थिति वैसी ही हो जाती है. 

काले कारनामों को पकड़ने के लिए नई टीम की मांग

राजा भैया ने विधानसभा अध्यक्ष से अनुरोध करते हुए विजिलेंस अधिकारियों के भ्रष्टाचार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने सुझाव दिया कि इन अधिकारियों की मनमानी रोकने के लिए एक और विशेष टीम की जरूरत है. राजा भैया ने कहा, "आपसे अनुरोध है पीठ से कि इन विजिलेंस के अधिकारियों के पीछे एक और विजिलेंस की टीम लगानी पड़ेगी, इनके काले कारनामों को पकड़ने के लिए.  तभी क्षेत्र की जनता चैन की सांस ले सकेगी."

ऊर्जा मंत्री नहीं थे मौजूद तो राजा भैया ने ये कहा

कुंडा विधायक राजा भैया ने सदन में ऊर्जा मंत्री ऐके शर्मा अनुपस्थिति का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि आज माननीय ऊर्जा मंत्री सदन में उपस्थित होंगे तो वह खुद उनसे यह बात कहते, लेकिन उनकी अनुपस्थिति के बावजूद उन्होंने अपनी बात मजबूती से रखी.