बस्ती में फफक-फफक कर रोने लगीं कॉन्स्टेबल मेनका चौहान और कोतवाल दिनेश चंद्र चौधरी पर लगा दिए ये बड़े आरोप

UP News: बस्ती में महिला कॉन्स्टेबल मेनका चौहान ने कोतवाल पर गाली-गलौज और मारपीट की कोशिश का लगाया आरोप. मां की बीमारी के लिए छुट्टी मांगने पर हुआ विवाद, SP ने कोतवाल को पद से हटाया.

Photo: Dinesh Chaudhary & Menka Chauhan

संतोष सिंह

20 Feb 2026 (अपडेटेड: 20 Feb 2026, 09:57 AM)

follow google news

बस्ती जिले से हैरतअंगेज मामला सामने आया है. यहां कोतवाली में तैनात महिला कॉन्स्टेबल मेनका चौहान ने पुलिस अधीक्षक से आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी मां बीमार हैं जब वह छुट्टी मांगने के लिए कोतवाल के पास पहुंचीं तो उनके साथ जमकर गाली-गलौच की गई. मेनका चौहान का यह भी आरोप है कि कोतवाल ने उन्हें मारने की भी कोशिश की. महिला कॉन्स्टेबल के इन आरोपों के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने कोतवाल को हटा दिया है. साथ ही इस जांच के आदेश भी दे दिए हैं. 

यह भी पढ़ें...

कौन हैं मेनका चौहान?

2019 बैच की कॉन्स्टेबल मेनका चौहान गोरखपुर के बड़हलगंज की रहने वाली हैं. वो इस समय बस्ती की सदर कोतवाली में तैनात हैं. मेनका के पति भी कॉन्स्टेबल हैं. उनकी तैनाती पुरानी बस्ती थाने में है. परिवार में मां के अलावा दो बेटियां हैं. मेनका ने SP को लिखी तहरीर में बताया कि मां की तबियत ज्यादा खराब थी. इलाज के लिए वह छुट्टी मांगने मंगलवार को कोतवाल दिनेश चंद्र चौधरी के पास पहुंचीं तो ये सुनते ही कोतवाल ने उन्हें डांटा. आरोप है कि कोतवाल ने गाली दी और वह मारने के लिए दौड़े. लेकिन मेनका चौहान उनके कैबिन से बाहर चली आईं. मेनका के मुताबिक कोतवाल ने कहा, "मैं सबको छुट्टी देने के लिए बैठा हूं." 

DIG से मिलने के बाद फफक-फफक कर रोने लगीं मेनका 

इसके बाद बुधवार को कॉन्स्टेबल मेनका अपनी 5 साल की बेटी के साथ रोते हुए डीआईजी बस्ती रेंज संजीव त्यागी के ऑफिस पहुंचीं. उन्हें अपनी शिकायत डीआईजी को बताई. डीआईजी से मिलने के बाद बाहर आने पर मेनका चौहान फफक-फफक कर रोने लगीं. उन्होंने कहा, 'इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र चौधरी से छुट्टी मांगी तो उन्होंने छुट्टी नहीं दी जब मैंने दोबारा निवेदन किया तो गालियां देने लगे और साथ ही साथ मुझे ड्यूटी से गैरहाजिर भी कर दिया.'

मामले की गंभीरता को देखते हुए SP यशवीर सिंह ने बुधवार देर रात कोतवाल दिनेश चंद्र चौधरी को हटा दिया और पूरे मामले पर जांच बैठा दी है. वहीं इस पूरे मामले पर एडिशनल एसपी श्यामकांत ने बताया कि 'मामले में SP बस्ती की ओर से दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है, जिसमें मैं और सीओ हरैया स्वर्णिमा सिंह शामिल हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले आगे की कार्रवाई की जाएगी.'

ये भी पढ़ें: बस्ती के दरोगा अजय गोंड की सरयू नदी में मिली थी लाश, उनके भाई ADM अरुण के इन सवालों से मचा हड़कंप