UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को मौसम ने अचानक पलटी मार दी और मार्च महीने की शुरुआत बारिश के साथ हुई. हल्की फुहारों ने पूरे राज्य में मौसम को सुहाना बना दिया. मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि अगले दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. खासकर पश्चिमी यूपी में तेज बारिश की संभावना है.
ADVERTISEMENT
कहां-कहां दिखा बारिश का असर?
शुक्रवार को सहारनपुर, गाजियाबाद, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बुलंदशहर और मेरठ जैसे जिलों में बारिश हुई. वहीं लखनऊ, जौनपुर सहित लगभग 10 जिलों में दिनभर बादल मंडराते रहे. 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने मौसम में ठंडक का एहसास बढ़ा दिया. बारिश का यह दौर लोगों के लिए राहत भरा रहा. क्योंकि गर्मी की शुरुआत से पहले मौसम ने ठंडी हवा का तोहफा दिया.
शनिवार को 35 जिलों में बारिश का अनुमान
IMD के ताजा अपडेट के अनुसार, शनिवार को यूपी के 35 जिलों में बारिश होने की संभावना है. इनमें अयोध्या, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, बाराबंकी, लखनऊ, रायबरेली, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, कानपुर, उन्नाव, कन्नौज, फरुखाबाद, पीलीभीत, बरेली, बदायूं, इटावा, आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, मुरादाबाद, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और रामपुर शामिल हैं. हालांकि 2 मार्च यानी रविवार से मौसम साफ होने की उम्मीद है.
मौसम बदलने की वजह क्या?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह बदलाव एक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हुआ है जो पश्चिमी यूपी और पूर्वी तराई क्षेत्रों में सक्रिय है. इसके प्रभाव से गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं. रविवार से पछुआ हवाएं शुरू होंगी जिससे तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. यह ठंडक मार्च की शुरुआत में लोगों को सर्दी का एहसास फिर से दे सकती है.
ADVERTISEMENT










