यूपी में 8 साल के राज में क्या-क्या बदला? CM योगी आदित्यनाथ ने खुद गिनाए एक-एक बदलाव

यूपी तक

• 07:39 PM • 24 Mar 2025

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के आठ साल पूरे होने पर विभिन्न उपलब्धियों को गिनाया.

CM Yogi Adityanath achievements

योगी सरकार की उपलब्धियां

Google CTA

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के आठ साल पूरे होने पर विभिन्न उपलब्धियों को गिनाया. उन्होंने राज्य की अर्थव्यवस्था, कानून व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और सामाजिक कल्याण योजनाओं में हुए बड़े सुधारों को रेखांकित किया.

यह भी पढ़ें...

रोजगार और आर्थिक विकास में सुधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2016 में जहां उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी दर 19% थी, वह अब घटकर 3% से भी कम रह गई है. उन्होंने बताया कि 2017 में राज्य की प्रति व्यक्ति आय ₹46,000 थी, जो अब बढ़कर ₹1,24,000 हो गई है. सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब घाटे से निकलकर राजस्व अधिशेष वाला राज्य बन चुका है. हमने जनता पर कोई अतिरिक्त कर लगाए बिना यह आर्थिक प्रगति हासिल की है.  मुख्यमंत्री ने यूपी को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि राज्य में बैंकिंग ट्रांजेक्शन अब ₹29.66 लाख करोड़ तक पहुंच गया है. 

बुनियादी ढांचे में बड़ा बदलाव

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब सबसे अधिक एक्सप्रेसवे वाला राज्य बन चुका है. उन्होंने कहा कि अगर आप गूगल पर सर्च करेंगे, तो पाएंगे कि यूपी में सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे हैं. उन्होंने यह भी बताया कि राज्य मेट्रो रेल संचालन में भी अग्रणी है और देश की पहली रैपिड रेल सेवा (NCRTC) भी उत्तर प्रदेश में शुरू हुई है. सरकार ने लखनऊ, वाराणसी और कानपुर जैसे प्रमुख शहरों के आसपास 'स्टेट डेवलपमेंट रीजन' बनाने की योजना भी बनाई है, जिससे शहरी विकास को बढ़ावा मिलेगा. 

कानून व्यवस्था में सुधार

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व सरकारों ने जानबूझकर कानून व्यवस्था को कमजोर किया और प्रांतीय सशस्त्र बल (PAC) को निष्क्रिय कर दिया, जिससे दंगाइयों को खुली छूट मिल गई थी. सीएम योगी ने कहा, "2017 से पहले यूपी 112 हेल्पलाइन पर पुलिस की प्रतिक्रिया समय 25 मिनट 42 सेकंड था. अब यह घटकर सिर्फ 7 मिनट 24 सेकंड रह गया है." उन्होंने कहा कि राज्य में 1.5 लाख से अधिक पुलिस पद खाली थे, जिन्हें भरने के लिए 1.56 लाख भर्तियां की गई हैं. इसके अलावा, 60,200 पुलिसकर्मियों का प्रशिक्षण भी अंतिम चरण में है. मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा पर जोर देते हुए तीन नई महिला बटालियन की तैनाती का भी उल्लेख किया.

उन्होंने महा कुंभ 2019 की सफलता को कानून व्यवस्था में सुधार का उदाहरण बताते हुए कहा, '"66 करोड़ श्रद्धालुओं ने कुंभ में हिस्सा लिया, लेकिन किसी भी प्रकार की असुरक्षा या आपराधिक घटना नहीं हुई.' 

कृषि और ग्रामीण विकास में क्रांति

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद राज्य के कृषि क्षेत्र में जबरदस्त सुधार हुआ है. 

  • कृषि विकास दर 5% से बढ़कर 13.5% हो गई.
  • कुल खाद्यान्न उत्पादन 557 लाख मीट्रिक टन (2016-17) से बढ़कर 668 लाख मीट्रिक टन (2023) हो गया.
  • गेहूं की खरीद 2.5 गुना बढ़ी, जिसमें किसानों को ₹43,424 करोड़ का भुगतान किया गया.
  • धान की खरीद में ₹88,746 करोड़ का भुगतान सीधे किसानों के खातों में किया गया.

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों के ₹36,000 करोड़ के कर्ज माफ किए और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार कर 23 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचित किया.

गन्ना किसानों के लिए राहत

उन्होंने बताया कि 2017 से पहले चीनी मिलें बंद हो रही थीं, लेकिन अब 38 मिलों का विस्तार कर कुल 122 चीनी मिलें चालू कर दी गई हैं. सीएम योगी ने कहा, "2017 से अब तक ₹2.8 लाख करोड़ गन्ना किसानों को भुगतान किया गया है, जो पिछले 22 वर्षों में किए गए कुल भुगतान से ₹60,000 करोड़ अधिक है."

ऊर्जा और सौर ऊर्जा में वृद्धि

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले 1.28 लाख गांवों का ही विद्युतीकरण हुआ था, लेकिन बीते आठ वर्षों में 1.21 लाख अतिरिक्त गांवों को रोशन किया गया. उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा उत्पादन 228 मेगावाट से बढ़कर 2,653 मेगावाट हो गया है. 

स्वास्थ्य और मेडिकल शिक्षा में सुधार

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में सिर्फ 12 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि अब यह संख्या 80 हो गई है, जिसमें 44 सरकारी और 36 निजी मेडिकल कॉलेज शामिल हैं. सीएम योगी ने कहा, "पहले राज्य में कई नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेज बंद पड़े थे, लेकिन अब वे पूरी क्षमता से काम कर रहे हैं."

गरीबी उन्मूलन और सामाजिक योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में गरीबी उन्मूलन को लेकर सरकार ने कई बड़े कदम उठाए हैं.

  • 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है.
  • 56 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर मिले हैं.
  • 1.06 करोड़ महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन मिल रही है.
  • डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए लाभार्थियों को सीधा पैसा पहुंचाया जा रहा है.

"जीरो पावर्टी स्कीम" होगी लागू

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि नई वित्तीय वर्ष में "जीरो पावर्टी स्कीम" शुरू की जाएगी, जिसका उद्देश्य राज्य से अत्यंत गरीबी को समाप्त करना है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को एक पिछड़े राज्य से देश की अर्थव्यवस्था का इंजन बनाने का दावा किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है. उन्होंने कहा, "हम एक नए उत्तर प्रदेश के रूप में आगे बढ़ रहे हैं. इसके लिए मैं राज्य की जनता का आभार व्यक्त करता हूं."