मान लीजिए आप लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज या गाजियाबाद जैसे बड़े स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं. टिकट में प्लेटफॉर्म नंबर कुछ और है, लेकिन ट्रेन आने से कुछ मिनट पहले अचानक अनाउंसमेंट होता है कि ट्रेन दूसरे प्लेटफॉर्म पर आएगी.
ADVERTISEMENT
आप सामान लेकर सीढ़ियां चढ़ते-उतरते दूसरे प्लेटफॉर्म की तरफ भागते हैं, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ट्रेन चल देती है. तब सवाल उठता है- गलती यात्री की मानी जाएगी या रेलवे की?
इस स्थिति में रेलवे के यात्री सूचना सिस्टम की भूमिका अहम हो जाती है. रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन के आगमन और प्लेटफॉर्म से जुड़ी जानकारी देने के लिए सार्वजनिक उद्घोषणा व्यवस्था और सूचना डिस्प्ले बोर्ड होते हैं. रे
प्लेटफॉर्म बदलने पर रेलवे को क्या करना होता है?
रेलवे की व्यवस्था में ट्रेन की जानकारी सिर्फ एक जगह नहीं दी जाती. स्टेशन पर उद्घोषणा, डिस्प्ले बोर्ड और अन्य यात्री सूचना माध्यमों से यात्रियों तक जानकारी पहुंचाई जाती है. रेलवे के स्टेशन मानकों में सार्वजनिक उद्घोषणा व्यवस्था को स्टेशन के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने की बात कही गई है. इसका मतलब है कि प्लेटफॉर्म बदलने जैसी स्थिति में यात्रियों को इसकी जानकारी देने की व्यवस्था रेलवे की जिम्मेदारी का हिस्सा है.
लेकिन प्लेटफॉर्म बदलने से ट्रेन छूट गई तो क्या टिकट का पैसा वापस मिलेगा?
सिर्फ इसलिए कि प्लेटफॉर्म बदल गया और यात्री ट्रेन तक नहीं पहुंच पाया, टिकट का पैसा अपने आप वापस मिलने का कोई सामान्य नियम नहीं है. अगर ट्रेन अपने निर्धारित समय के मुताबिक दूसरे प्लेटफॉर्म से चली गई और यात्री उस तक नहीं पहुंच सका, तो इसे सामान्य तौर पर यात्री के ट्रेन मिस करने की स्थिति माना जाएगा.
फिर रेलवे की गलती हो तो यात्री क्या करे?
अगर आपको लगता है कि प्लेटफॉर्म बदलने की सूचना बहुत देर से दी गई, सही तरीके से अनाउंसमेंट नहीं हुआ, डिस्प्ले बोर्ड पर जानकारी अपडेट नहीं थी या सूचना में गड़बड़ी के कारण ट्रेन छूट गई तो इसे चुपचाप छोड़ने की जरूरत नहीं है.
यात्री स्टेशन पर मौजूद रेलवे कर्मचारी या स्टेशन प्रबंधन को इसकी जानकारी दे सकता है. इसके अलावा रेल मदद के जरिए स्टेशन से जुड़ी शिकायत भी दर्ज की जा सकती है. रेलवे के आधिकारिक शिकायत तंत्र में ट्रेन और स्टेशन, दोनों तरह की शिकायत दर्ज करने की सुविधा है.
यूपी के यात्रियों के लिए खास बात
उत्तर प्रदेश में लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज जंक्शन, वाराणसी, गाजियाबाद, आगरा कैंट, मथुरा और गोरखपुर जैसे व्यस्त स्टेशनों पर एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में समय लग सकता है.
खासकर बुजुर्ग यात्रियों, बच्चों के साथ सफर कर रहे परिवारों या ज्यादा सामान वाले यात्रियों के लिए आखिरी समय में प्लेटफॉर्म बदलना परेशानी बढ़ा सकता है, इसलिए ट्रेन का इंतजार करते समय सिर्फ टिकट पर लिखे प्लेटफॉर्म नंबर पर निर्भर न रहें. स्टेशन की उद्घोषणा और डिस्प्ले बोर्ड भी लगातार देखते रहें. अगर प्लेटफॉर्म बदलने की घोषणा हो जाए तो जल्द से जल्द नए प्लेटफॉर्म की तरफ जाएं.
ट्रेन छूट जाए तो सबसे पहले क्या करें?
अगर प्लेटफॉर्म बदलने के बाद आपकी ट्रेन छूट गई है, तो सबसे पहले स्टेशन पर रेलवे कर्मचारी से बात करें और पता करें कि ट्रेन वास्तव में किस समय और किस प्लेटफॉर्म से रवाना हुई. अगर सूचना देने में लापरवाही हुई थी, तो उसका उल्लेख करते हुए शिकायत दर्ज करें. रेलवे का आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 139 भी यात्री सहायता और शिकायत के लिए उपलब्ध है.
ये भी पढ़ें- चार्ट बनने के बाद भी मिल सकती है कंफर्म सीट, रेलवे के इस सीक्रेट नियम के बारे में जान लीजिए
ADVERTISEMENT











