यूपी में 1 महीने तक बढ़ी SIR फॉर्म भरने की डेडलाइन, अब इस तारीख तक जुड़वा सकते हैं वोटर लिस्ट में नाम

SIR date extend again: निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश सहित 12 राज्यों में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की समय सीमा को 1 महीने के लिए बढ़ा दिया है. अब मतदाता 6 मार्च तक वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने या कटवाने के लिए दावा और आपत्ति दर्ज करा सकेंगे. यूपी में अब तक नाम जुड़वाने के लिए लगभग 37.8 लाख आवेदन मिले हैं.

SIR date extend

यूपी तक

06 Feb 2026 (अपडेटेड: 06 Feb 2026, 03:21 PM)

follow google news

SIR date extend again: उत्तर प्रदेश सहित देश के 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग ने बड़ा फैसला लिया है.अब मतदाता सूची में नाम जुड़वाने,संशोधन करने या नाम कटवाने की समय सीमा को 1 महीने के लिए बढ़ा दिया गया है. अब आप  6 मार्च तक अपने दावों और आपत्तियों को दर्ज करा सकेंगे. 

यह भी पढ़ें...

क्यों बढ़ाई गई समय सीमा?

यूपी में SIR प्रक्रिया की शुरुआत 27 अक्टूबर को हुई थी. पहले के कार्यक्रम के अनुसार 6 जनवरी को ड्राफ्ट रोल जारी किया गया था और आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तिथि 6 फरवरी निर्धारित की गई थी. लेकिन भारी संख्या में आ रहे आवेदनों और डेटा मिलान की प्रक्रिया को देखते हुए प्रशासन ने इसे एक महीना और आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है.

यूपी में अब तक आए लाखों आवेदन

मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है. अब तक के आंकड़ों के अनुसार नाम जुड़वाने के लिए (फॉर्म 6) कुल 37,80,414 आवेदन आए हैं. नाम कटवाने के लिए (फॉर्म 7) कुल 82,684 फॉर्म प्राप्त हुए हैं. वहीं ओवरसीज मतदाता यानी विदेश में रहने वाले 1073 मतदाताओं ने भी आवेदन किया है.

3.26 करोड़ लोगों को भेजा जाएगा नोटिस

प्रशासन अब उन मतदाताओं की जांच पर ध्यान केंद्रित कर रहा है जिनके डेटा मैच नहीं हुआ है. लगभग 3 करोड़ 26 लाख लोगों को नोटिस भेजने की तैयारी है. ये वे लोग हैं जिनका डेटा या तो मैच नहीं हुआ है या फिर वे अपने पते पर लोकेट नहीं हो पाए हैं. नोटिस मिलने के बाद मतदाताओं को अपने डॉक्यूमेंट पेश करने होंगे जिसके बाद ही उनके नाम सूची में शामिल करने या बरकरार रखने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा. अगर आप भी अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाना चाहते हैं या कोई गलती सुधारना चाहते हैं तो अब आपके पास 6 मार्च तक का समय है. आप ऑनलाइन माध्यम या अपने क्षेत्र के बीएलओ के जरिए आवेदन कर सकते हैं.