UP News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में पंजाब पुलिस और यूपी पुलिस के ऑपरेशन में 3 खालिस्तानी आतंकी मारे गए. अब इस मामले में नया खुलासा हुआ है. बता दें कि खालिस्तानी आतंकियों ने पीलीभीत के पूरनपुर से ही बाइक चोरी की थी. ये इसी बाइक का इस्तेमाल पुलिस से बचने के लिए कर रहे थे.
ADVERTISEMENT
दरअसल एनकाउंटर के बाद पुलिस ने आतंकियों की बाइक बरामद की. बाइक नंबर की जांच के बाद पता चला कि बाइक मालिक पूरनपुर का ही था और ये बाइक हाल ही में चोरी हुई थी. ये तीनों आतंकी चोरी की हुई बाइक पर ही क्षेत्र में घूम रहे थे और पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे.
मोहम्मद नाजिम की बाइक की थी चोरी
खालिस्तानी आतंकियों से बरामद बाइक का नंबर UP 26 AA 8077 निकला था. बाइक मालिक ने पूरनपुर थाने में क्राइम नंबर 530 /2024 के तहत बाइक चोरी का केस दर्ज करवाया था. बता दें कि पूरनपुर साहूकारा मोहल्ले के रहने वाले मोहम्मद नाजिम की बाइक चोरी हुई थी.
दरगाह के पास से चोरी की थी आतंकियों ने बाइक
मिली जानकारी के मुताबिक, 22 दिसंबर की शाम 7:30 बजे सितारे हिंद मियां की दरगाह के पास कपड़े की दुकान के बाहर से बाइक चोरी हुई थी. बाइक चोरी के कुछ घंटों बाद ही पंजाब और यूपी पुलिस ने एनकाउंटर में तीनों खालिस्तानी आतंकियों को मार गिराया था.
गुरदासपुर में पुलिस चौकी पर किया था हमला
बता दें कि पिछले दिनों पंजाब के गुरदासपुर में पुलिस चौकियों पर हमला किया गया था. यहां ग्रेनेड बम फेंके गए थे. इसके बाद से ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को आतंकियों की तलाश थी. खुफिया इनपुट के आधार पर ये सभी आतंकी पीलीभीत में ट्रेस हुए. इसके बाद एनकाउंटर में ये तीनों मार गिराए गए.
ADVERTISEMENT









