Noida Airport Flight: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सफर करने वाले मुसाफिरों के लिए अब आर्थिक राजधानी मुंबई और नवाबों के शहर लखनऊ जाना बेहद आसान होने जा रहा है. विमानन कंपनी इंडिगो ने इस जुलाई से नोएडा से मुंबई और नोएडा से लखनऊ के लिए अपनी सीधी उड़ानें शुरू करने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है.
ADVERTISEMENT
अब तक दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर निर्भर रहने वाले नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के लोगों के लिए राहत की बात है. भारी ट्रैफिक और लंबी दूरी तय कर दिल्ली जाने का झंझट अब खत्म होने वाला है.
आसान होगा बिजनेस और टूरिज्म का सफर
इंडिगो की इस नई सर्विस से दो बड़े बिजनेस और टूरिज्म हब सीधे तौर पर जुड़ जाएंगे. नोएडा से मुंबई के बीच की यह डायरेक्ट कनेक्टिविटी कॉर्पोरेट जगत के लोगों और कारोबारियों के समय की बड़ी बचत करेगी.
वहीं, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लिए शुरू हो रही नॉन-स्टॉप फ्लाइट से लोग चंद मिनटों में अपनी मंजिल तक पहुंच सकेंगे. सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में एयरलाइन ने साफ किया है कि इस जुलाई से ये दोनों रूट पूरी तरह एक्टिव हो रहे हैं, जिसके लिए बुकिंग भी शुरू कर दी गई है.
क्या होगा अनुमानित किराया?
अगर आप भी नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान भरने की सोच रहे हैं, तो किराए का एक मोटा अनुमान आपके लिए बेहद जरूरी है-
- नोएडा से लखनऊ: इस रूट पर शुरुआती अनुमानित किराया लगभग 3,300 रुपये से 4,200 रुपये के बीच रहने की उम्मीद है. वीकेंड या ऐन वक्त पर बुकिंग करने पर इसमें थोड़ा बदलाव दिख सकता है.
- नोएडा से मुंबई: देश की मायानगरी को जोड़ने वाले इस रूट के लिए आपको करीब 5,200 रुपये से 6,800 रुपये तक का शुरुआती किराया देना पड़ सकता है.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का शुरू होना पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास में मील का पत्थर है. शुरुआती दौर में यात्रियों को लुभाने के लिए एयरलाइंस अक्सर किराए में कुछ छूट या ऑफर्स भी देती हैं, ऐसे में अगर आप पहले से प्लानिंग कर टिकट बुक करते हैं तो आपकी यात्रा काफी किफायती और आरामदायक हो सकती है.
ADVERTISEMENT











