लेटेस्ट न्यूज़

इसी गाड़ी से आ रहा अतीक, अंदर है खास व्यवस्था, 45 पुलिसवालों में से सिर्फ इन 5 के पास मोबाइल!

रविवार को माफिया अतीक अहमद (atiq ahmed) को लेकर यूपी पुलिस की एक टीम गुजरात के साबरमती जेल से प्रयागराज के लिए निकल चुकी है.…

ADVERTISEMENT

UPTak
social share
Google CTA

रविवार को माफिया अतीक अहमद (atiq ahmed) को लेकर यूपी पुलिस की एक टीम गुजरात के साबरमती जेल से प्रयागराज के लिए निकल चुकी है. पुलिस 6 गाड़ियों के काफिले के साथ सड़क मार्ग से अतीक को प्रयागराज ला रही है. 6 वाहनों में 2 वज्र वाहन भी हैं. इनमें से एक वज्र वाहन के अंदर अतीक अहमद को बैठाया गया है. काफिले में 45 पुलिसकर्मी हैं. इस पूरे अभियान में 30 घंटे से ज्यादा का समय लगने की उम्मीद है.

सिर्फ पांच अधिकारियों के पास मोबाइल

पुलिस टीम में सिर्फ पांच अधिकारियों के पास मोबाइल हैं. आईपीएस अभिषेक भारती के अलावा एक अन्य आईपीएस और तीन डीएसपी के पास मोबाइल हैं. वज्र वाहन में तैनात किसी भी पुलिसकर्मियों के पास मोबाइल नहीं है. सभी 40 पुलिस कॉन्स्टेबलों के मोबाइल जमा करा लिए गए हैं.

पुलिस गाड़ी में ही खाने-पीने का इंतजाम

अतीक अहमद को लाने वाले वाहनों में 2 ड्राइवर एक्स्ट्रा लेकर पुलिस गई है. एक ड्राइवर के थकने पर दूसरा ड्राइवर कमान संभालेगा. बताया जा रहा है कि पुलिस का यह काफिला कहीं भी नहीं रोका जाएगा. हालांकि, रास्ते में रिफ्यूल कराने के लिए ही पुलिस की गाड़ियां रुकेंगी. वहीं, पुलिस गाड़ियों में ही सिपाहियों के खाने-पीने का इंतजाम किया गया है.

ये भी पढ़ें- साबरमती जेल से बाहर आते समय अतीक अहमद बोला- ‘मुझे ये जान से मारना चाहते हैं’

यूपी में शिवपुरी से झांसी में पुलिस का काफिला प्रवेश करेगा. झांसी से दो रास्ते प्रयागराज आने के हैं. पहला झांसी, महोबा, बांदा, चित्रकूट होकर प्रयागराज. दूसरा रूट झांसी से कानपुर रोड से जालौन और वहां से बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से सीधे चित्रकूट का रास्ता है.

28 मार्च को कोर्ट में होनी है पेशी

पिछले दिनों प्रयागराज के उमेश पाल हत्याकांड मामले में अतीक अहमद का नाम मुख्य आरोपी के तौर पर सामने आया. इसी मामले में आरोपी अतीक अहमद की 28 मार्च को सुबह 11:00 बजे प्रयागराज स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट में पेशी होनी है. इस मामले में अतीक अहमद को कोर्ट के सामने पेश करने के लिए यूपी पुलिस साबरमती जेल में बंद अतीक अहमद को प्रयागराज लेकर जा रही है.

राजू पाल की हत्या का मुख्य आरोपी अतीक अहमद

गौरतलब है कि 24 फरवरी को धूमनगंज थाना क्षेत्र के जयंतीपुर में उमेश पाल और उसके एक सुरक्षाकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस हमले में घायल एक दूसरे सुरक्षाकर्मी की भी लखनऊ के एसजीपीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई थी. इस हत्याकांड के बाद उमेश पाल की पत्नी ने पूर्व सांसद अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन और दो बेटों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस इस घटना को लेकर अतीक से जुड़े लोगों पर कार्रवाई कर रही है.

अतीक अहमद 2005 में तत्कालीन बसपा विधायक राजू पाल की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी है. उसके खिलाफ उमेश पाल की हत्या के मामले में हाल ही में मुकदमा दर्ज किया गया था. उमेश पाल, राजू पाल की हत्या का मुख्य गवाह था.

ये भी पढ़ें- अतीक अहमद को साबरमती जेल से लेकर प्रयागराज के लिए निकली पुलिस, मीडिया की गाड़ियों को पीछे आने से रोका गया