नोएडा: सेमिनार के नाम पर साइबर ठग ने 18 से अधिक मशहूर डॉक्टरों से पांच करोड़ रुपये ठगे
Noida News: विश्व स्तर पर सेमिनार कराने के नाम पर एक साइबर ठग ने 18 से अधिक मशहूर डॉक्टरों से कथित रूप से पांच करोड़…
ADVERTISEMENT

Noida News: विश्व स्तर पर सेमिनार कराने के नाम पर एक साइबर ठग ने 18 से अधिक मशहूर डॉक्टरों से कथित रूप से पांच करोड़ रुपये की ठगी की है. साइबर अपराध थाने की प्रभारी निरीक्षक रीता यादव ने बताया कि नोएडा के एक निजी अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर महकार सिंह खारी ने 22 जून 2022 को शिकायत की थी कि विशाल पांडे नामक व्यक्ति ने दुबई में डॉक्टरों का सेमिनार कराने तथा उसमें भाग लेने का प्रलोभन देकर उनसे बारी-बारी से 18.72 लाख रुपए की ठगी की. शिकायतकर्ता के अनुसार विशाल ने पेटीएम, फोन-पे एवं अपने निजी खाते में पैसे अंतरित करवाए थे.
यादव ने बताया कि पुलिस ने सोमवार को विशाल को पश्चिम बंगाल के वर्धमान जनपद से गिरफ्तार किया और उसे आज ट्रांजिट रिमांड पर नोएडा लाई. उन्होंने बताया कि विशाल ‘मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव’ है और उसने उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल के बड़े-बड़े डॉक्टरों को विदेश में विश्वस्तरीय सेमिनार में भाग लेने का लुभावना पैकेज दिखाकर ठगा.
पुलिस के अनुसार विशाल अपनी पहचान छुपाकर दिसंबर 2021 से अलग-अलग राज्यों के डॉक्टरों को ठग रहा था. उसके अनुसार जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि विशाल ने 18 डॉक्टरों से करीब पांच करोड़ रुपये से अधिक ठग लिए हैं. जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी पहले लखनऊ से जेल जा चुका है.
साइबर क्राइम थाने की प्रभारी ने बताया कि नोएडा के अलावा लखनऊ एवं हैदराबाद से भी कुछ चिकित्सकों ने साइबर पुलिस से संपर्क किया है और साइबर अपराध पुलिस को 30 करोड़ से अधिक ठगी की आशंका है. उन्होंने बताया कि आरोपी को जनपद गौतम बुद्ध नगर न्यायालय में पेश कर उसकी कस्टडी रिमांड मांगी जाएगी
