लेटेस्ट न्यूज़

मुजफ्फरनगर: स्कूल की कक्षा में नशे में बेसुध पड़ा शख्स, वीडियो वायरल, ग्रामीण बोले- ये शिक्षक है

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर जनपद में एक वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में विद्यालय के कमरे में एक शख्स…

ADVERTISEMENT

UPTak
social share
Google CTA

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर जनपद में एक वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में विद्यालय के कमरे में एक शख्स शराब के नशे में बेसुध होकर जमीन पर पड़ा हुआ है. शिक्षा के मंदिर में नशे की हालत में पड़े इस व्यक्ति की वीडियो ग्रामीणों ने अपने मोबाइल में बना ली, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. अब यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.

बता दें कि वीडियो वायरल होने के बाद अब आला अधिकारियों ने भी वीडियो का संज्ञान लिया है. संबंधित अधिकारियों द्वारा फौरन मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

ये है मामला

ये पूरा मामला बुढ़ाना तहसील क्षेत्र स्थित कुरथल गांव के प्राथमिक विद्यालय से सामने आया है. मिली जानकारी के मुताबिक, यहां ग्रामीणों को.विद्यालय के कमरे में एक व्यक्ति नशे की हालत में जमीन पर पड़ा हुआ मिला. इसका वीडियो ग्रामीणों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गया.

यह घटना कब की है इसका अभी पता नहीं लग पाया है. वीडियो के वायरल होने के बाद इस मामले में मुजफ्फरनगर जनपद के बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला द्वारा इसकी जांच बुढ़ाना बीओ को दे दी गई है.

नशे में मिले शख्स को ग्रामीण कह रहे हैं स्कूल का शिक्षक

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में ग्रामीण यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि ये शराबी और कोई नहीं बल्कि इस स्कूल का ही अध्यापक है. मगर अभी तक ये साफ नहीं हो पाया है कि ये शख्स कौन है. बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला का साफ तौर पर कहना है कि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि नशे की हालत में पड़ा व्यक्ति अध्यापक है या फिर कोई अन्य. मगर अगर यह विभाग से संबंधित व्यक्ति है तो इस पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.

अधिकारी ने ये बताया

इस मामले में अधिक जानकारी देते हुए मुजफ्फरनगर के बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला ने बताया, ”संज्ञान में आया की कुरथल गांव बुढ़ाना में एक प्राथमिक विद्यालय में एक शख्स विद्यालय परिसर में लेटा हुआ है. ऐसा लग रहा है कि उसने शराब पी रखी है. अभी यह जानकारी नहीं प्राप्त हो पाई है कि वह अध्यापक है या कोई अन्य व्यक्ति. इसलिए बीओ बुढ़ाना को इस संदर्भ में जांच के लिए आदेशित किया गया है. अगर वह मेरे विभाग से संबंधित कर्मचारी है तो इस पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी.”