दारा सिंह चौहान का इंतजार हुआ खत्म! बीजेपी ने विधान परिषद की खाली सीट पर बनाया उम्मीदवार
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की खाली पड़ी एक सीट पर उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा की…
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की खाली पड़ी एक सीट पर उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा की है. आपको बता दें कि भाजपा ने यहां से दारा सिंह चौहान को अपना उम्मीदवार बनाया है. गौरतलब है कि यूपी के पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा के राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हुई थी.
अब 29 की जगह 30 को होगा चुनाव
आपको बता दें कि चुनाव आयोग ने उपचुनाव के कार्यक्रम में बदलाव किया है. दरअसल, पहले उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र वापस लेने की आखिरी तारीख 22 जनवरी थी. मगर उस दिन अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की मूर्ती की प्राण प्रतिष्ठा होनी है, जिसकी वजह से सरकार ने उस दिन सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है.
चुनाव आयोग के अनुसार, 29 जनवरी को होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख 22 जनवरी थी, जो अब 23 जनवरी तय की गई है. वहीं, उपचुनाव अब 29 जनवरी की बजाय 30 जनवरी को होगा.
उपचुनाव में हार गए थे दारा सिंह चौहान
मालूम कि 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले दारा सिंह चौहान भाजपा सरकार में मंत्री थे, लेकिन चुनाव से कुछ समय पहले ही उन्होंने सपा का दामन थाम लिया था. इसके बाद उन्होंने सपा की टिकट पर घोसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत गए.
मगर बाद में उन्होंने इस सीट से इस्तीफा दिया और फिर हुए उपचुनाव में भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा. उपचुनाव में दारा सिंह चौहान को सपा के सुधाकर सिंह के हाथों हार का सामना करना पड़ा. मगर अब भाजपा ने दारा सिंह चौहान को अपना उम्मीदवार घोषित किया है.
