अयोध्या से डर रहे हैं तो यूपी की इस सीट से लड़ लें चुनाव... मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाद राजभर ने अखिलेश यादव को दिया चैलेंज
Om Prakash Rajbhar: अयोध्या सदर सीट से चुनाव लड़ने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बीच चल रही जुबानी जंग में अब सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी कूद पड़े हैं. उन्होंने अखिलेश यादव को आमने-सामने चुनाव लड़ने का चैलेंज दिया है.
ADVERTISEMENT

Om Prakash Rajbhar: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा और बीजेपी के बीच सियासी जंग शुरू हो गई है. अयोध्या सदर सीट से चुनाव लड़ने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बीच चल रही जुबानी जंग में अब सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी कूद पड़े हैं. राजभार ने अखिलेश यादव को चुनौती दी है. उन्होंने कहा है कि अगर अखिलेश यादव अयोध्या से चुनाव लड़ने में डर रहे हैं, तो गाजीपुर की जहूराबाद सीट से आकर उनसे आमने-सामने का मुकाबला कर लें. राजभर का यह चैलेंज अखिलेश यादव द्वारा सीएम योगी को दी गई चुनौती और उसके जवाब में सीएम के 'आमने-सामने की लड़ाई' वाले चैलेंज के बाद आया है.
राजभर ने अखिलेश को दी चुनौती
सुभासपा चीफ ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या से आमने-सामने चुनाव लड़ने का चैलेंज स्वीकार कर लिया है. राजभर ने कहा कि अगर अखिलेश यादव में जरा सी भी राजनीति की अक्ल है, तो उन्हें अब अपने चैलेंज से पीछे नहीं हटना चाहिए. राजभर यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे चैलेंज देते हुए कहा है कि अगर अखिलेश यादव अयोध्या जाने से डर रहे हैं, तो जहूराबाद आकर उनसे चुनाव लड़ लें, यहां उन्हें एनडीए गठबंधन की ताकत और हैसियत का खुद ही पता चल जाएगा.
अयोध्या से शुरू हुआ था विवाद
इस पूरे सियासी घमासान की शुरुआत अयोध्या से हुई थी. अखिलेश यादव ने सीएम योगी को चुनौती दी थी कि वह अयोध्या सदर सीट से चुनाव लड़कर दिखाएं. इसके जवाब में सीएम योगी ने पलटवार करते हुए अखिलेश को आमने-सामने चुनाव लड़ने का खुला ऑफर दिया था. इसके बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए जवाब देते हुए कहा कि अयोध्या में ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ चोरों को हराने के लिए हमारा एक युवा ‘पीडीए प्रहरी’ ही काफी है.
जहूराबाद सीट के बदले सियासी समीकरण
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को जहूराबाद से चुनाव लड़ने का चैलेंज दो दे दिया है, लेकिन अब पूर्वांचल की इस विधानसभा सीट के समीकरण 2022 विधानसभा चुनाव जैसे नहीं हैं. बता दें, साल 2022 के विधानसभा चुनाव में राजभर ने सपा के साथ गठबंधन करके यह सीट जीती थी. उस वक्त उन्हें मुस्लिम, यादव और मुख्तार अंसारी परिवार का पूरा समर्थन मिला था. लेकिन अब राजभर एनडीए के साथ हैं और अंसारी परिवार पूरी तरह से समाजवादी पार्टी के साथ खड़ा नजर आ रहा है.
सवर्णों की नाराजगी और नई चर्चाएं
मौजूदा स्थिति में जहूराबाद में राजभर के पास मुख्य रूप से सिर्फ राजभर समुदाय के वोट ही बचे हैं. इसके अलावा, अपनी पुरानी बयानबाजियों के कारण राजभर को ब्राह्मण, ठाकुर और भूमिहार जैसे सवर्ण समाज की नाराजगी का भी सामना करना पड़ रहा है, जो उनके लिए एक बड़ी चुनौती है. इन सबके बीच सियासी गलियारों में यह भी चर्चा है कि इन मुश्किल हालातों को देखते हुए राजभर जहूराबाद छोड़कर आजमगढ़ की अतरौलिया सीट से चुनाव लड़ने का मन बना रहे हैं.
यह भी पढ़ें: CM योगी की चुनौती के बाद अखिलेश यादव का पलटवार, बोले- 'चढ़ावा-चंदा-दान चोरों के लिए युवा पीडीए प्रहरी ही काफी'
