बिजनौर का सियासी समीकरण: 1445 वोटों से तय हुई थी जीत, 2027 में बीजेपी और सपा के बीच फिर कांटे की टक्कर!
बिजनौर विधानसभा सीट पर 2027 चुनाव से पहले बीजेपी और सपा के बीच मुकाबला दिलचस्प है. 2022 में बीजेपी की सुचि मौसम चौधरी मामूली अंतर से जीतीं जबकि 2024 में सपा ने बढ़त बनाई। बदले गठबंधन और जातीय समीकरण अहम होंगे.
ADVERTISEMENT

Akhilesh, jayant and CM yogi
उत्तर प्रदेश की जिला मुख्यालय सीट बिजनौर में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. पिछले दो चुनावों के आंकड़ों को देखें तो यहां का मुकाबला किसी थ्रिलर से कम नहीं रहा है. 2022 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सुचि मौसम चौधरी ने यह सीट महज 1,445 वोटों के बेहद मामूली अंतर से जीती थी. वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में पासा पलटा और इसी विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी ने बीजेपी-आरएलडी गठबंधन पर करीब 991 वोटों की बढ़त बना ली. दो चुनाव, दो अलग-अलग तस्वीरें और दोनों ही बार बेहद नजदीकी मुकाबला. ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बीजेपी अपनी जीत बरकरार रख पाएगी या सपा अपनी बढ़त को विधानसभा की जीत में तब्दील करेगी.
