'भाजपा विधायकों को चुराती है...' दिल्ली में प्रदर्शन के बीच अखिलेश यादव का बड़ा बयान, यूपी Tak के माइक पर क्या क्या कहा?
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 12 अक्टूबर को दिल्ली में विपक्षी दलों के प्रदर्शन के दौरान भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा. यूपी Tak के माइक पर बयान देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायकों के साथ वोट के जरिए लोकतंत्र को भी छीनने की कोशिश कर रही है.
ADVERTISEMENT

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन के दौरान भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायकों को चुराने के साथ वोट के जरिए लोकतंत्र को भी छीनने की कोशिश कर रही है. अखिलेश ने कहा कि ये तरीका चलने वाला नहीं है और लोकतंत्र को बचाने के लिए धरना-प्रदर्शन जारी रहना चाहिए.
दिल्ली में चल रहे विरोध-प्रदर्शन के बीच अखिलेश यादव ने बयान यूपी Tak के माइक पर दिया. उनके हाथ में सिर्फ यूपी Tak का माइक था. उन्होंने बीजेपी और चुनाव आयोग के बीच मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि एक दिन चुनाव आयोग को बचाने वाले नेता भी बीजेपी को बचाते नजर आएंगे, लेकिन बीजेपी खुद डूब जाएगी.
'बीजेपी का सदस्य होगा, वही वोट मांग पाएगा'
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी का काम करने का तरीका ऐसा है कि जो बीजेपी का सदस्य होगा, वही वोट मांग पाएगा और वही नागरिक होगा. उन्होंने कहा कि ये व्यवस्था नहीं चलने वाली है.
सपा प्रमुख ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने वाले लोग संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने धरना-प्रदर्शन की अहमियत बताते हुए कहा कि अगर धरना-प्रदर्शन खत्म हो जाएगा, तो लोकतंत्र भी खत्म हो जाएगा और कमजोर पड़ जाएगा.
'जंतर-मंतर का स्थल बता सकते हैं, आंदोलन नहीं रोक सकते'
दिल्ली में प्रदर्शन की जगह को लेकर भी अखिलेश यादव ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर का स्थल बताया जा सकता है, लेकिन दूसरी पार्टियों के साथ मिलकर धरना देने और आंदोलन करने के उनके संकल्प को नहीं रोका जा सकता.
दिल्ली में अखिलेश यादव क्या कर रहे हैं?
अखिलेश यादव 12 अक्टूबर को दिल्ली में विपक्षी दलों के प्रदर्शन में शामिल हुए. कांग्रेस के नेतृत्व में INDIA गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर अपनी आपत्तियां उठाने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक मार्च का आह्वान किया था. विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची में गड़बड़ियां हुई हैं और इससे चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं.
प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए. दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन के निर्धारित स्थल के रूप में हटाकर रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के CBD मैदान को नए निर्धारित स्थल घोषित किया. इस फैसले के बीच अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदर्शन की जगह तय की जा सकती है, लेकिन आंदोलन को नहीं रोका जा सकता.
ये भी पढ़ें - अखिलेश यादव ने बता दिया कब तक जारी रहेगा आंदोलन? यूपी से दिल्ली तक गरमाई सियासत!
