लेटेस्ट न्यूज़

Opinion: 85 लाख युवाओं के हाथ में डिजिटल ताकत, टैबलेट से Gen-Z को नई उड़ान दे रही योगी सरकार

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले Gen-Z और पहली बार वोट डालने वाले युवा राजनीतिक दलों के लिए अहम हो सकते हैं. योगी सरकार की 85 लाख युवाओं को टैबलेट देने की पहल से लेकर मुफ्त कोचिंग और ब्याजमुक्त ऋण तक कई योजनाएं युवाओं को साधने की कोशिश का हिस्सा हैं.

ADVERTISEMENT

CM Yogi Adityanath
CM Yogi Adityanath
social share
Google CTA

Opinion: (डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव) 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच उत्तर प्रदेश में युवा मतदाताओं को साधना सभी राजनीतिक दलों के लिए बड़ी चुनौती और जरूरत दोनों है. खासकर Gen-Z यानी नई पीढ़ी के युवा, जिनकी आकांक्षाएं अब केवल सरकारी नौकरी पाने तक सीमित नहीं हैं. वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीक, रोजगार के नए अवसर, स्वरोजगार और अपनी प्रतिभा व क्षमता के दम पर आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच चाहते हैं. उनके सपने बड़े हैं और उन्हें पूरा करने के लिए वे अवसरों के साथ आधुनिक संसाधन भी चाहते हैं. ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने अपनी योजनाओं के केंद्र में युवाओं को रखकर एक ऐसा एजेंडा तैयार किया है, जिसका असर शिक्षा से लेकर रोजगार और उद्यमिता तक दिखाई दे रहा है. 85 लाख युवाओं को टैबलेट उपलब्ध कराने की पहल इसी व्यापक रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है.

डिजिटल ताकत से लैस हो रही युवा पीढ़ी

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत योगी सरकार अब तक 60 लाख से अधिक युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन उपलब्ध करा चुकी है. अब 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट बांटे जाने की शुरुआत हो गई है. यानी इस पहल के दायरे में कुल 85 लाख युवा आएंगे. इन टैबलेट के जरिए युवाओं को 18 हजार से अधिक ऑनलाइन पाठ्यक्रमों की अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने का उद्देश्य है. यह केवल एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बांटने की योजना नहीं है, बल्कि डिजिटल शिक्षा और तकनीकी संसाधनों तक युवाओं की पहुंच बढ़ाने का प्रयास है. ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों के लिए यह अवसर विशेष महत्व रखता है.

प्रतियोगी परीक्षाओं से लेकर उद्यमिता तक अवसर

योगी सरकार की युवा नीति का दायरा केवल टैबलेट वितरण तक सीमित नहीं है. मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के जरिए सिविल सेवा, पीसीएस, नीट, जेईई और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को निशुल्क कोचिंग की सुविधा दी जा रही है. इसका मकसद आर्थिक संसाधनों की कमी को प्रतिभा के रास्ते में बाधा नहीं बनने देना है. खास बात यह है कि प्रदेश के सभी जिलों में इस योजना का संचालन किया जा रहा है.

दूसरी ओर, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को नौकरी तलाशने वाले के बजाय रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. इसके तहत पात्र युवाओं को पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण और परियोजना लागत पर मार्जिन मनी अनुदान की व्यवस्था की गई है. सरकार का लक्ष्य अगले दस वर्षों में 10 लाख सूक्ष्म इकाइयां स्थापित कराने का है. यानी हर साल लगभग एक लाख युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने की योजना है.

नौकरी के साथ स्वरोजगार और कौशल विकास पर जोर

मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के माध्यम से शिक्षित बेरोजगार युवाओं को उद्योग और सेवा क्षेत्र में अपना काम शुरू करने के लिए वित्तीय सहायता दी जा रही है. वहीं, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के जरिए युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देने और रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. आईटीआई, व्यावसायिक प्रशिक्षण, स्टार्टअप प्रोत्साहन और रोजगार मेलों जैसी पहलों का उद्देश्य युवाओं को बदलती अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करना है.

इन योजनाओं के बीच एक महत्वपूर्ण बदलाव यह भी है कि सरकार युवा को केवल सरकारी नौकरी का आकांक्षी मानकर नहीं चल रही. वह उसे तकनीकी रूप से सक्षम, कौशलयुक्त और उद्यमी बनाने पर भी जोर दे रही है. यही वजह है कि शिक्षा, प्रशिक्षण, डिजिटल संसाधन और आर्थिक सहायता को एक-दूसरे से जोड़ने की कोशिश की जा रही है.

युवाओं से सीधा जुड़ाव, 2027 के चुनाव में अहम होगा मुद्दा

राजनीति में युवाओं को लेकर दावे हर दल करता है. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव भी पीडीए और सामाजिक समीकरणों के साथ युवा वर्ग को अपने राजनीतिक एजेंडे में जगह देने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन युवाओं के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि उनके भविष्य के लिए किसने ठोस अवसर तैयार किए. केवल बेरोजगारी का मुद्दा उठाने से युवाओं का भरोसा नहीं जीता जा सकता. उन्हें यह भी बताना होगा कि शिक्षा, कौशल, रोजगार और स्वरोजगार के लिए क्या ठोस विकल्प दिए गए.

यहीं योगी सरकार की योजनाएं बीजेपी को राजनीतिक बढ़त देने की क्षमता रखती हैं. टैबलेट वितरण से लेकर अभ्युदय योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान तक सरकार की कोशिश युवाओं के जीवन के अलग-अलग पड़ावों पर पहुंच बनाने की है. इससे सरकार का सीधा संवाद उस पीढ़ी से बन रहा है, जो डिजिटल दुनिया में रहती है और अपने भविष्य को लेकर बड़े सपने देखती है.

2027 के विधानसभा चुनाव में Gen-Z और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की पसंद भी राजनीतिक दलों के लिए निर्णायक साबित हो सकती है. इस पीढ़ी को केवल नारों और वादों से प्रभावित करना आसान नहीं होगा. उसे अपने आसपास बदलाव, अवसर और योजनाओं का वास्तविक लाभ दिखाई देना चाहिए. युवा केंद्रित योजनाओं का यह व्यापक खाका बीजेपी को चुनावी विमर्श में एक मजबूत आधार देता है.

(लेखक इलाहाबाद विश्वविद्यालय से संबद्ध इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में सहायक प्रोफेसर हैं. समसामयिक, विकास और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर लेखन करती हैं.)
Disclaimer: यहां व्यक्त विचार लेखक की व्यक्तिगत राय हैं.