Opinion: विधान परिषद चुनावों में भाजपा की सीटें बरकरार, सपा की सफलता के पीछे शिवपाल की रणनीति, पार्टी में उठेगी कद बढ़ाने की मांग
यूपी विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव में बीजेपी ने 6 और समाजवादी पार्टी ने 5 सीटों पर जीत दर्ज की. इन नतीजों में शिवपाल यादव की रणनीति की भूमिका और सपा में उनके बढ़ते राजनीतिक कद के क्या मायने हैं?
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 11 सीटों के चुनाव परिणाम सामने आ चुके हैं. सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने छह सीटें हासिल कीं, जबकि समाजवादी पार्टी ने पांच सीटें जीतीं. सपा इन नतीजों को अपनी चुनावी सफलता के रूप में प्रचारित कर रही है, किंतु वस्तुस्थिति इससे भिन्न है. लगातार दस वर्षों से सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा अपनी सभी 6 सीटें बचाए रखने में सफल रही. सपा तमाम प्रयासों और नारों के बावजूद सत्ताधारी दल की एक भी सीट कम नहीं कर सकी. यह संकेत देता है कि जनता का भरोसा भाजपा में अब भी कायम है और विपक्षी दलों के लिए इसे चुनौती देना आसान नहीं रहा.
सपा की सफलता के पीछे शिवपाल यादव की रणनीति
भले ही सपा की पांच सीटों की जीत को पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव अपने खाते में डालने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन वास्तविकता यह है कि इन सीटों पर सफलता का श्रेय मुख्य रूप से शिवपाल सिंह यादव को जाता है. शिवपाल वही नेता हैं जिन्हें अखिलेश यादव के साथ लंबे आंतरिक संघर्ष के बाद पार्टी में ‘बैक सीट’ पर बैठा दिया गया था. आगरा से जीते डॉ. आकाश अग्रवाल को सपा में लाने का काम भी शिवपाल ने ही किया.
इसके अतिरिक्त उन्होंने कई सीटों पर समीकरणों को साधने और गुणा-गणित फिट करने में निर्णायक भूमिका निभाई. मैराथन बैठकें आयोजित कर उन्होंने जीत सुनिश्चित करने की कोशिश की. इन प्रयासों ने सपा को उन सीटों पर सफलता दिलाई, जहां बिना मजबूत रणनीति के परिणाम अलग हो सकते थे.
शिवपाल का लंबा रणनीतिक और राजनीतिक अनुभव
शिवपाल यादव का राजनीतिक और रणनीतिक अनुभव नया नहीं है. वे समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निकट सहयोगी रहे हैं और लंबे समय तक पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने में सक्रिय रहे. विभिन्न मंत्रालयों में मंत्री रहते हुए उन्होंने प्रशासनिक अनुभव भी अर्जित किया. अखिलेश यादव के साथ मतभेद के दौरान उन्होंने अपनी अलग राजनीतिक राह चुनी, किंतु बाद में पार्टी में वापसी के बाद भी उनकी संगठनात्मक क्षमता और क्षेत्रीय समीकरणों की समझ को नजरअंदाज करना कठिन रहा. एमएलसी चुनावों में उनकी भूमिका उसी अनुभव का विस्तार प्रतीत होती है, जहां उन्होंने सीटों के आवंटन, उम्मीदवार चयन और स्थानीय समीकरणों को संभालने में सक्रियता दिखाई.
शिवपाल का कद बढ़ाने की उठेगी मांग
विधानसभा चुनावों से पहले इन नतीजों का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि सपा के भीतर शिवपाल के कद को बढ़ाने की मांग उठने की संभावना है. पूर्व में भी पार्टी के कुछ वर्गों से शिवपाल को अधिक जिम्मेदारी देने की आवाजें उठती रही हैं. अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा जहां युवा और नए चेहरों पर जोर देती रही है, वहीं शिवपाल जैसे अनुभवी नेताओं की रणनीतिक भूमिका इन चुनावों में उभरी है. भाजपा के लिए यह परिणाम इसलिए महत्वपूर्ण हैं कि उन्होंने अपनी सीटें बरकरार रखीं. दस वर्ष की सत्ता के बाद भी अगर कोई दल अपनी सीटें बचा लेता है, तो यह उसके संगठनात्मक तंत्र और जनसमर्थन की निरंतरता को रेखांकित करता है. सपा की पांच सीटें उसकी कोशिशों का फल हैं, किंतु भाजपा की छह सीटें यह बताती हैं कि सत्ताधारी दल को चुनौती देना अभी भी कठिन है.
एमएलसी चुनाव नतीजों के दो निष्कर्ष
समग्र रूप से ये नतीजे उत्तर प्रदेश की राजनीति में दो बातें स्पष्ट करते हैं. एक, भाजपा अपनी स्थिति बनाए रखने में सफल रही. दूसरा, सपा की सफलता के पीछे शिवपाल यादव जैसी अनुभवी नेतृत्व क्षमता की भूमिका महत्वपूर्ण रही. विधानसभा चुनावों की रणनीति तय करते समय दोनों दल इन तथ्यों को ध्यान में रखेंगे. शिवपाल के योगदान को सपा के भीतर किस रूप में स्थान मिलता है, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा, किंतु इन चुनावों ने उनकी रणनीतिक क्षमता को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है. भाजपा के लिए यह परिणाम अपनी नीतियों और संगठन पर जनता के विश्वास को बनाए रखने का संकेत है.
लेखक महेंद्र कुमार शुक्ल, इलाहाबाद उच्च न्यायालय में अधिवक्ता हैं. वे सामाजिक मुद्दों और समसामयिक विषयों पर लिखते हैं.
(Disclaimer: यहां व्यक्त विचार लेखक की व्यक्तिगत राय हैं.)
